मध्य प्रदेश में बारूद में विस्फोट से मकान ढहा, 1 की मौत
सिवनी, 30 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पटाखे बनाते वक्त बारूद में हुए विस्फोट से दो मंजिला मकान ढह गया। इस विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और महिला घायल हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक इलाके में रहने वाला असगर अली पटाखे बनाने का काम करता था। शुक्रवार की शाम को भी जब वह पटाखे बना रहा था तभी बारूद में विस्फोट हो गया। इस विस्फोट से दो मंजिला मकान ढह गया और असगर अली की मौत हो गई। इस हादसे में असगर की पत्नी भी घायल हुई है।
सिवनी की पुलिस अधीक्षक मीनाक्षी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए आईएएनएस को बताया है कि असगर अली के घर में जब विस्फोट हुआ उस वक्त केवल वह और उसकी उसकी पत्नी मौजूद थी, इस वजह से विस्फोट में ज्यादा जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक के बाद एक कुल तीन विस्फोट हुए। पहले और दूसरे विस्फोट के बाद घर के अंदर जो भी थे वे सभी बाहर आ गए और तीसरे विस्फोट में तो पूरा मकान ही ढह गया। लोगों का अनुमान है कि अगर विस्फोटों के बीच कम वक्त होता तो कई और लोगों को नुकसान हो सकता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications