पब संस्कृति पर येदियुरप्पा से सहमत हैं कर्नाटक के भाजपा नेता, लेकिन बेटी असहमत
मुख्यमंत्री ने बुधवार को मीडिया को बताया था कि वह राज्य में पब संस्कृति को पनपने की इजाजत नहीं देंगे, साथ ही उन्होंने मंगलोर में एक पब में महिलाओं पर किए गए हमले की निंदा भी की थी। लेकिन मुख्यमंत्री की एक बेटी उमादेवी ने पिता के विचार से अपनी असहमति जताई है।
एक शीर्ष अंग्रेजी दैनिक के साथ बुधवार को साक्षात्कार के दौरान उमादेवी (37) ने येदियुरप्पा के विचार का विरोध किया था।
उमादेवी ने कहा, "यह तय करना महिलाओं का काम है कि वे पब में जाना चाहती हैं या कहीं और। इस मामले में सरकार, राजनीतिज्ञ या श्रीराम सेना जैसे संगठन कोई पाबंदी नहीं लगा सकते।"
इस मुद्दे पर बाप-बेटी के बीच उभरे मतभेदों के बीच राज्य में भाजपा के शीर्ष नेताओं ने मुख्यमंत्री के विचार से सहमति जताई है।
राज्य के गृह मंत्री वी.एस.आचार्य ने आईएएनएस को बताया कि पब संस्कृति के कारण अपराध व हिंसा में व़ृद्धि होती है, लिहाजा इस पर रोक लगाने की जरूरत है।
भाजपा के राज्य प्रमुख डी.वी.सदानंद गौड़ा ने कहा, "हमारी पार्टी पब संस्कृति पर शिकंजा कसने के पक्ष में है, क्योंकि इसके चलते तमाम अवांछित घटनाएं घटती रहती हैं।"
वरिष्ठ भाजपा नेता व सांसद अनंत कुमार ने इस मुद्दे पर कोई बयान देने से इंकार कर दिया।
उधर, मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि समाचार पत्र ने उमादेवी के बयान को गलत तरीके से पेश किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications