सू की से भेंट करेंगे
यांगून, 30 जनवरी (आईएएनएस)। म्यांमार के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष राजनयिक इब्राहिम गांबरी का विपक्ष की नेता एवं नोबल पुरस्कार विजेता आंग सान सू की से मुलाकात का कार्यक्रम है। गांबरी इस सप्ताह के अंत तक म्यांमार की आधिकारिक यात्रा पर आने वाले हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार गांबरी शनिवार को यांगून पहुंच सकते हैं। वे म्यांमार सरकार को सू की और हजारों अन्य राजनीतिक बंदियों को रिहा करने पर राजी करने का अपना अधूरा कार्य निपटाने की कोशिश करेंगे।
पिछले साल अगस्त में भी गांबरी म्यांमार आए थे लेकिन उन्हें जनरल थान श्वे से मुलाकात की इजाजत नहीं मिली थी और वर्ष 2003 से नजरबंद सू की भी वह मुलाकात नहीं कर सके थे।
यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस बार गांबरी को थान श्वे से भेंट करने दी जाएगी या नहीं। लेकिन सरकारी सूत्रों ने कहा है कि गांबरी का सू की और विपक्षी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी)के सदस्यों तथा म्यांमार सरकार के कुछ मंत्रियों से भेंट का कार्यक्रम है।
गांबरी का गत मई में नरगिस चक्रवात में तबाह हुए इरावदी डेल्टा के हिस्सों का भी दौरा करने का कार्यक्रम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications