इराक में प्रांतीय चुनावों से पहले 3 प्रत्याशियों की हत्या
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि इराकी एकोर्डेस फ्रंट से संबद्ध इराकी इस्लामिक पार्टी के सुन्नी प्रत्याशी उमर फारुक अल-अनी की पश्चिमी बगदाद में गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने हत्या कर दी।
अज्ञात बंदूकधारियों ने गुरुवार रात बगदाद के पश्चिम में अमीरिया में उनके घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी और वहां से फरार हो गए।
इराकी नेशनल यूनिटी से संबद्ध एक अन्य सुन्नी प्रत्याशी हाजिम सलीम अहमद की भी मोसूल में गुरुवार रात हत्या कर दी गई।
पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि तीसरी घटना में गुरुवार को बगदाद के उत्तर में दियाला प्रांत में एक अन्य प्रत्याशी अब्बास फरहान अल-अजावी मारा गया।
पुलिस ने बताया कि प्रत्याशी का दो अन्य व्यक्तियों के साथ सुबह अपहरण कर लिया गया था और उनके शव गुरुवार शाम को बरामद किए गए।
प्रांतीय परिषद के ऐतिहासिक चुनाव 31 जनवरी को इराक के 18 में से 14 प्रांतों में होने वाले हैं। देश में वर्ष 2005 के बाद से यह पहला चुनाव है। 440 सदस्यों के चयन के लिए करीब डेढ़ करोड इराकियों से मतदान करने का अनुरोध किया जा रहा है।
पिछले 18 महीनों में सुरक्षा मामलों में कामयाबी मिलने के बावजूद इराकी प्रत्याशियों और नागरिकों की मौते हो रही हैं।
इराकी प्रशासन ने मंगलवार को सुरक्षा कड़ी करने की घोषणा की थी। इसके तहत हवाई अड्डे और प्रांतीय राजमार्ग तथा सीमाएं बंद कर दी गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications