मध्य प्रदेश में साढ़े 5 लाख रुपये के नकली नोट के साथ एक गिरफ्तार
बैतूल के पुलिस अधीक्षक ज़े एस़ सनसनवाल ने आईएएनएस को बताया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि टाटा सूमो कार में कुछ लोग भोपाल से आ रहे है, जिनके पास नकली नोट है। शाहपुर थाने के बरेठा में जब पुलिस ने दबिश दी तो दिनेश गुप्ता नाम का व्यक्ति उसके हत्थे चढ़ गया लेकिन उसके दो अन्य साथी फरार हो गए।
पुलिस ने दिनेश गुप्ता के पास से पांच-पांच सौ के नोट की 11 गड्डी और सौ-सौ के नोट बरामद किए। इसके पास से बरामद कुल रकम पांच लाख 52 हजार है, जो जांच में नकली पाए गए हैं। पुलिस ने टाटा सूमो भी जब्त कर ली है।
सनसनवाल के मुताबिक बरेठा गांव में पारदी रहते है। इनका मूल काम नकली सोने को असली बताकर आम लोगों को ठगना है। कई पारदियों के खिलाफ मामले भी चल रहे है। पुलिस को आशंका है कि दिनेश और उसके साथी भी बरेठा में सोने की खरीदी करने आए होंगे। दिनेश का कहना है कि पुलिस ने जो नोट बरामद किए है उसे वह अन्य व्यक्ति ने दिए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications