बिहार में नक्सलियों ने 6 मोबाइल टावरों को तबाह किया
इसी क्रम में मंगलवार देर रात गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने भारत संचार निगम लिमिटेड के एक मोबाइल टावर को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा वहां रखे कई और आवश्यक समानों को आग के हवाले कर दिया।
शेरघाटी अनुमंडल के अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बलिराम चौधरी ने बुधवार को बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के 40-50 की संख्या में नक्सलियों ने मंगलवार रात मैगरा गांव में धावा बोल दिया और वहां स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड के मोबाइल टावर को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले की एक प्राथमिकी डुमरिया थाना में दर्ज करा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले पांच दिनों के भीतर नक्सलियों द्वारा मोबाइल टावर को उड़ाने या उसे क्षतिग्रस्त करने की यह छठी घटना है। नक्सलियों ने गत 22 जनवरी की रात मैगरा गांव में ही एक निजी मोबाइल कंपनी के मोबाइल टावर के जेनरेटर और मशीन में आग लगा दी थी। इसी रात को नक्सलियों ने औरंगाबाद जिले के दो थाना क्षेत्रों में स्थित निजी मोबाइल कंपनी एयरटेल के तीन मोबाइल टावरों को उड़ा दिया था।
रोहतास जिले के रोहतास थाना-क्षेत्र के रंजीतगंज गांव में भी नक्सलियों ने 22 जनवरी की रात ही एक निजी मोबाइल कंपनी के मोबाइल टावर को बम विस्फोट कर उड़ा दिया था।
इधर, राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) नीलमणि ने कहा कि नक्सलियों की सूचना पुलिस को अब मिलने लगी है, इस कारण वे हताश हो गए हैं। यही कारण है कि वे अब संचार व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications