चलने-फिरने में सहजता महसूस कर रहे हैं प्रधानमंत्री (लीड-1)
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है, "मनमोहन सिंह की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है। प्रधानमंत्री की रात आरामदायक गुजरी। अब उन्हें नियमित निगरानी कक्ष में रखा गया है। उनके कैथेटर्स हटा दिए गए हैं और वे चहल-कदमी कर रहे हैं।"
चिकित्सकों ने बताया कि मनमोहन सिंह घर का बना सामान्य भोजन ले रहे हैं। उनकी फिजियोथेरेपी चल रही है और वह कार्डिक रिहेबिलिटेशन के दौर से गुजर रहे हैं।
बुलेटिन में कहा गया है, "प्रधानमंत्री ने सुबह अखबार पढ़ा और अपने सहयोगियों के साथ चर्चा भी की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन के अंतिम संस्कार के इंतजामों की भी जानकारी ली।"
राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल बुधवार को मनमोहन सिंह का हालचाल जानने एम्स पहुंचीं।
राष्ट्रपति भवन के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति ने एम्स में करीब 15 मिनट बिताए और प्रधानमंत्री की पत्नी गुरशरण कौर से मुलाकात की। उस समय प्रधानमंत्री आराम कर रहे थे।
अधिकारी ने बताया, "श्रीमती पाटिल प्रधानमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ एक गुलदस्ता भी लेकर गई थीं।"
प्रधानमंत्री के निजी चिकित्सक के. एस. रेड्डी ने आईएएनएस को बताया, "प्रधानमंत्री की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और उन्हें सप्ताहांत तक अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।"
मनमोहन सिंह की शनिवार को एम्स में पांच धमनियों के अवरोध हटाने के लिए दिल की बाइपास सर्जरी की गई थी।
इंडो-एशिन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications