मुंबई हमले की जांच के नतीजे से भारत को अवगत कराया जाएगा: जरदारी
स्थानीय समाचार पत्र 'डॉन' के मुताबिक जरदारी ने मंगलवार रात आयोजित एक रात्रिभोज के दौरान यह बात कही। इस भोज में जर्मनी, फ्रांस, यूनान, इटली, पुर्तगाल और रूस के राजदूत शामिल हुए।
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने कहा कि पाकिस्तान पूरी गंभीरता के साथ इस मामले की जांच कर रहा है। उन्होंने रात्रिभोज में उपस्थित सभी राजनयिकों से आग्रह किया कि वे भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को कम करने में अपनी भूमिका निभाएं।
इसी महीने की शुरुआत में भारत ने पाकिस्तान को इस संबंध में ब्यौरेवार सबूत दिए थे कि मुंबई हमले के पीछे पाकिस्तानी तत्वों का हाथ था।
अखबार के साथ बातचीत में पाकिस्तान के आंतरिक सुरक्षा सलाहकार रहमान मलिक ने कहा, "हम भारत द्वारा दी गई सूचनाओं को ठोस सबूतों में तब्दील करने की कोशिश करेंगे ताकि मुंबई हमले के आरोपियों पर पाकिस्तान के भीतर ही कानूनी कार्रवाई की जा सके।"
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में ताजमहल होटल और ओबरॉय होटल समेत कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में लगभग 175 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications