सऊदी विदेश मंत्री का गाजा में तत्काल संघर्षविराम का आह्वान (लीड-2)
कुवैत में अरब विदेश मंत्रियों के विशेष सत्र की अध्यक्षता करते हुए फैसल ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का प्रस्ताव 1860 जो कि संघर्षविराम की वकालत करता है, को लागू किया जाना चाहिए।
कुवैत में सोमवार से शुरू हो रही अरब देशों की आर्थिक शिखर बैठक के पूर्व यह विशेष सत्र आयोजित किया गया था। ऐसा माना जा रहा है कि शिखर बैठक के दौरान गाजा पट्टी पर जारी इजरायली हमला ही चर्चा का केंद्रबिंदु होगा।
कुवैत न्यूज एजेंसी के मुताबिक कुवैत के कार्यवाहक तेल मंत्री शेख मोहम्मद अल-सबाह ने कहा, "शिखर बैठक में गाजा ही चर्चा का मुख्य बिंदु होगा।"
अरब लीग के सभी 22 नेता 19-20 जनवरी को होने वाली अरब आर्थिक, विकास और सामाजिक शिखर बैठक में हिस्सा लेंगे। अरब देशों के विदेश मंत्रियों की आपात बैठक इससे पहले 31 दिसंबर को काहिरा में हुई थी।
उधर, सोमवार को अरब लीग के महासचिव अम्र मूसा ने कहा था कि कुवैत बैठक इजरायल द्वारा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव को मानने से इंकार किए जाने से उत्पन्न स्थिति पर चर्चा करेगी। इस प्रस्ताव में गाजा में तत्काल संघर्षविराम की मांग की गई थी।
गौरतलब है कि 27 दिसंबर, 2008 से गाजा पर शुरू हुए इजरायली हमले में 1100 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और 5,130 से ज्यादा घायल हुए हैं। मरने वालों और घायलों में अधिकांश नागरिक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications