भाजपा ने झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की
झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पशुपतिनाथ सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "शिबू सोरेन गत 8 जनवरी को तमाड़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में हार गए। इसके बाद 12 जनवरी को उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। तब से लेकर अब तक संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) वैकल्पिक सरकार बनाने में विफल रही है। हम सूबे में राष्ट्रपति शासन लगाने और विधानसभा का चुनाव कराने की मांग करते हैं।"
पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता अर्जुन मुंडा ने कहा, "मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति पर राज्यपाल सैयद सिब्ते रजी मौन क्यों हैं? वे क्यों कोई कदम नहीं उठा रहे हैं? जब किसी पार्टी या किसी गठबंधन ने सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया है तो वे कुछ करते क्यों नहीं?"
उल्लेखनीय है कि सोरेन के इस्तीफे के बाद संप्रग में सरकार के गठन और मुख्यमंत्री को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। सोरेन चाहते हैं कि मुख्यमंत्री उन्हीं की पार्टी का कोई बने जबकि संप्रग का केंद्रीय नेतृत्व मधु कोड़ा को फिर से मुख्यमंत्री बनाए जाने के पक्ष में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications