मिलिबैंड का भारत दौरा 'फ्रेंच कॉकटेल' :जेटली
भाजपा महासचिव अरूण जेटली ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मिलिबैंड ने अपने दौरे में मुख्यत: कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी और पाकिस्तान को तवज्जो दी। मिलिबैंड के रूख ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुई आतंकवादी घटना के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ आतंकवाद के मुददे पर बनाए गए दबाव को बहुत हद तक बेअसर कर दिया।
गौरतलब है कि 13 जनवरी से चार दिवसीय भारत दौरे पर आए मिलिबैंड ने लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी समेत कई अन्य नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के साथ उनके संसदीय क्षेत्र अमेठी का भी दौरा भी किया।
जेटली ने कहा, "मिलिबैंड ने पाक समर्थित बयानबाजी कर और राहुल गांधी के निमंत्रण पर अमेठी की यात्रा कर अपने भारत दौरे को 'फ्रेंच कॉकटेल' बना दिया। देश में आगामी लोकसभा चुनावों की आहट के बीच ऐसा करके उन्होंने यह भी दर्शा दिया है कि देश के राजनीतिक दलों में उनके लिए कौन प्राथमिकता पर है।"
उन्होंने कहा, "मुंबई हमले के बाद पाकिस्तान ने आतंकवाद के मुद्दे पर जो रवैया अपना रखा है, मिलिबैंड ने अपने बयान से उस पर मुहर लगाई है। यही नहीं उन्होंने जम्मू-कश्मीर को सभी समस्याओं की जड़ कहकर अलकायदा की बातों पर भी अपनी सहमति का ठप्पा लगाया है।"
उन्होंने कहा कि मिलिबैंड ने पाकिस्तान के समर्थन में बयान देकर पिछले 52 दिनों में इस मोर्चे पर भारत को मिली सभी सफलताओं पर पानी फेर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications