चंडीगढ़ में बलात्कार की शिकार जर्मन युवती अदालत में पेश
शहर के सेक्टर-17 में स्थित जिला अदालत में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच पीड़िता अदालत में पहुंची। उसके साथ जर्मन दूतावास का एक अधिकारी भी था।
सत्र न्यायाधीश आर. एस. अत्री ने कैमरे के समक्ष इस मामले की सुनवाई की। अदालत के अधिकारियों ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक सिर्फ इसी मामले पर सुनवाई होगी और किसी अन्य मामले की सुनवाई नहीं होगी। पीड़ित युवती अदालत में पेश होने के लिए जर्मनी से चंडीगढ़ पहुंची है।
स्थानीय अदालत ने पिछले महीने इस मामले में हरियाणा के पांच युवकों को आरोपी बनाया था। इन युवकों पर जर्मन युवती को अपनी गाड़ी में अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। इन आरोपियों में पंकज, मनवीर सिंह जौली, हरप्रीत, सोमपाल और सुखविंदर सिंह शामिल हैं।
गौरतलब है कि सिंतबर, 2008 में जर्मन युवती के साथ यह हादसा उस समय हुआ जब वे चंडीगढ़ अपने एक भारतीय मित्र की शादी में शरीक होने आई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications