डीडीए फ्लैट आवंटन मामले में 2 और गिरफ्तार (लीड-2)
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने दोनों को रोहिणी जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने गौतम को आठ दिनों और राजू को दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त एस. बी. के. सिंह ने संवाददाताओं को बताया "गौतम ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति श्रेणी में फ्लैटों के आवंटन के लिए 1,200 से अधिक आवेदन किए थे। उसे 40 फ्लैटों का आवंटन भी हुआ था।"
उन्होंने बताया कि अभी पूरी जानकारी नहीं मिली है। यह एक बड़ा मामला है और बड़े पैमाने पर जांच की जरूरत है।
आरोपी गौतम राजधानी के पश्चिम विहार इलाके में रहता है। उसे दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था। वह डीडीए के टेलीफोन विभाग में काम कर चुका है। उसने वर्ष 2005 में अवकाश ग्रहण किया था।
अदालत ने उसके खिलाफ पुलिस के आवेदन को स्वीकार करते हुए गौतम को आठ दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने अदालत को बताया कि इस मामले में सुरेश कुमार मीणा नाम के एक प्रापर्टी एजेंट की भी तलाश है जो गौतम के लिए काम करता था।
डीडीए के फ्लैट आवंटन में कथित अनियमितताओं के मामले में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले राजस्थान के झुंझुनू से लक्ष्मीनारायण मीणा और दिल्ली के दीपक कुमार की गिरफ्तारी हुई थी।
पुलिस का कहना है कि गौतम ने ही दीपक और सुरेश के साथ मिलकर आरक्षित श्रेणी में कुल 2,000 से अधिक आवेदन किए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications