सोनिया का जन्मदिन गुलामी दिवस और मुलायम का दलाल दिवस के रूप में मने तो कैसा रहे: मायावती
अपने जन्मदिन पर लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में मायावती ने कहा, "मेरे कार्यकर्ता भी देश चला रही संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाकर उनके जन्मदिन को गुलामी दिवस के रूप में मना सकते हैं।"
उन्होंने कहा, "ठीक इसी तरह दलालों के चंदे से चलने वाली सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन को 'दलाल दिवस' और राष्ट्रवाद के नाम पर लोगों को धोखा देने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के जन्मदिन को धोखाधड़ी दिवस के रूप में मनाया जा सकता है।"
मायावती ने साफ किया कि विपक्षी दलों की ओछी राजनीति से परे बसपा कार्यकर्ता अपना विरोध अनुशासित ढंग से दर्ज करेंगे।
अपने 53वें जन्मदिन के अवसर पर विपक्षी दलों का शुक्रिया अदा करते हुए मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी के खिलाफ विरोधी दलों की चलाई गई मुहिम के चलते उनके जन्मदिन पर पार्टी को दोगुना चंदा मिला है।
उन्होंने कहा कि सपा, भाजपा और कांग्रेस समेत सभी विरोधी दलों ने बसपा की छवि खराब करने के लिए तरह-तरह के राजनीतिक हथकंडे अपनाए लेकिन विरोधियों की इस मुहिम के चलते ही बसपा कार्यकर्ताओं ने दोगुना चंदा इकट्ठा किया।
मायावती ने इस बार सादगी से अपना जन्मदिन मनाया। सादगी से जन्मदिन मनाने के पीछे की वजह मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों को बताते हुए मायावती ने कहा कि इस बार न तो उनके जन्मदिन पर उत्सव जैसा आयोजन किया जा रहा है और न ही केक काटा गया।
बसपा प्रमुख ने विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि औरैया अभियंता हत्याकांड में उन्हें बदनाम करने के लिए विरोधी दलों ने सुनियोजित साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि सभी विरोधी दलों ने हत्याकांड को मेरे जन्मदिन से जोड़ने की हरसंभव कोशिश की लेकिन सबको पता है कि धन उगाही का मेरे जन्मदिन से कोई संबंध नहीं है।
दूसरी ओर मायावती के जन्मदिन पर सपा ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर थू-थू दिवस के रूप में मनाया वहीं कांग्रेस और भाजपा ने ललकार और धिक्कार दिवस के रूप में मनाकर अपना विरोध प्रकट किया।
अपने पसंदीदा गुलाबी रंग के सलवार सूट और भूरे रंग के ओवरकोट में मायावती ने अपने 25 मिनट के भाषण के दौरान गरीबों के लिए 900 करोड़ रुपये की 100 से ज्यादा योजनाओं की घोषणा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications