मायावती के जन्मदिन पर समूचे उत्तरप्रदेश में हंगामा
अभियंता मनोज गुप्ता की हत्या और उसके बाद मायावती के जन्मदिन के लिए कथित तौर पर चंदा उगाही का मामला प्रकाश में आने के बाद सपा समेत अन्य विरोधी दलों ने मायावती के जन्मदिन यानी 15 जनवरी पर विरोध प्रदशर्न करने का फैसला किया था।
मायावती के जन्मदिन को सपा थू-थू दिवस के रूप में मना रही है। लखनऊ में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपालसिंह यादव ने किया। इस दौरान पुलिस के साथ सपाइयों की तीखी झ्झड़पें हुईं। पुलिस ने सपाइयों पर लाठियां भांजी और आंसू गस के गोले छोड़े।
लखनऊ के पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) परेश पांडे ने आईएएनएस को बताया कि सपा के कार्यकर्ताओं द्वारा आगजनी करने के बाद उनपर हल्का बल का प्रयोग भी किया गया। पांडे के मुताबिक शिवपाल सिंह यादव समेत करीब पांच सौ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
गोरखपुर में सपाइयों ने गोरखपुर-कुशीनगर राजमार्ग जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आर. के. श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदर्शन में भाग लेने जा रहे सपा महासचिव अमर सिंह, सांसद जयप्रदा और भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता मनोज तिवारी को पुलिस ने हवाई अड्डे पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इलाहाबाद में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झ्झड़प हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एम. अशोक जैन के मुताबिक इलाहाबाद से सपा सांसद रेवतीरमण सिंह और सांसद श्यामाचरण गुप्ता समेत 75 सपाइयों को गिरफ्तार किया गया।
प्रदेश के आगरा, कानपुर, वाराणसी, सहारनपुर, कन्नौज इटावा और फिरोजाबाद समेत दूसरे कई जिलों में हजारों सपाइयों ने अपना विरोध प्रकट कर गिरफ्तारियां दी।
उधर, कांग्रेस ने मायावती के जन्मदिन को 'ललकार दिवस' और भाजपा ने 'धिक्कार दिवस' के रूप में मनाकर राजधानी लखनऊ समेत अन्य जिलों में अपना विरोध प्रकट किया। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में प्रशासन की तरफ से निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू कर दी गई थी।
उधर, सत्तारूढ़ बसपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में 'विरोधी दल-धिक्कार दिवस' मनाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications