पत्रकार की हत्या के कारण प्रचंड की विदेश यात्रा रद्द
गुरुवार को पत्रकारों के एक समूह ने प्रचंड से भेंट कर जनकपुर में रविवार को हुई उमा सिंह (24 वर्ष) की हत्या के मामले में न्याय की मांग की। इन पत्रकारों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपना विदेश दौरा रद्द करके स्थिति से निपटने के लिए देश में रहने का फैसला किया है।
प्रचंड ने पत्रकारों से कहा कि वे खुद सिंह के हत्यारों को पकड़ने के लिए पहल करेंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रचंड को शनिवार को 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नार्वे और फिनलैंड की यात्रा पर रवाना होना था। उनकी यात्रा का उद्देश्य इन देशों में पवन ऊर्जा तकनीक के बारे में जानकारी हासिल करना था। जिससे नेपाल की ऊर्जा समस्या को समाप्त करने के लिए पवन ऊर्जा का उपयोग किया जा सके।
समाचार माध्यमों में आ रही खबरों के अनुसार इस हत्या का संबंध तीन वर्ष पहले उमा सिंह के पिता और भाई के अपहरण और लापता होने तथा उनकी जमीन पर माओवादियों के कब्जे से भी हो सकता है।
संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ और अमेरिका ने भी महिला पत्रकार की हत्या की निंदा करते हुए सरकार से हत्यारों को दंड देने की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications