बुश प्रशासन को ओबामा के कार्यकाल में भी भारत से प्रगाढ़ता की उम्मीद
वाशिंगटन, 15 जनवरी(आईएएनएस)। अमेरिका में बुश प्रशासन को उम्मीद है कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल के दौरान भी भारत और अमेरिका के रिश्ते में गर्मजोशी का सिलसिला बरकरार रहेगा। व्हाइट हाउस प्रवक्ता डाना पेरिनो ने बुश प्रशासन के दौरान भारत-अमेरिकी रिश्तों को शानदार करार दिया।
पेरिनो ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मेरा मानना है कि हमारे प्रशासन के दौरान भारत के साथ अमेरिका का रिश्ता काफी प्रगाढ़ रहा है और मुझे उम्मीद है कि आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। मेरा मानना है कि आगामी प्रशासन के दौरान इस सिलसिले के कमजोर पड़ने का कोई कारण नहीं होगा। भारत हमारा भरोसेमंद रणनीतिक भागीदार है।"
विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस ने भी भारत-अमेरिका रिश्ते में प्रगाढ़ता को बुश प्रशासन की उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने इसे बुश प्रशासन की विदेश नीति की प्रमुख सफलताओं में शुमार किया। राइस ने 'वाशिंगटन पोस्ट' अखबार के संपादकीय मंडल और 'ब्लूमबर्ग टीवी' के साथ बातचीत के दौरान यह बयान दिया। अमेरिकी विदेश विभाग ने उनके इस बयान की प्रति उपलब्ध कराई है।
अमेरिका की वैश्विक छवि को निखारने की भावी ओबामा सरकार की योजना के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में राइस ने कहा कि यह मानना गलत है कि बुश के कार्यकाल में अमेरिका की छवि को बट्टा लगा। उन्होंने कहा, "आप प्रमुख देशों के साथ अमेरिका के रिश्तों में हुए सुधार का आकलन कर इस धारणा से मुक्त हो सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications