मकर संक्रांति पर मप्र की नदियों में पवित्र स्नान
भोपाल 14 जनवरी (आईएएनएस) सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के अवसर पर मनाए जाने पर्व मकर संक्रांति की बुधवार को मध्यप्रदेश में धूम है। नर्मदा, क्षिप्रा और बेतवा सहित कई नदियों के तट पर डुबकी लगाने वालों का मेला सा लगा है तथा मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना हो रही है।
मकर संक्राति के मौके पर पवित्र नदियों में स्नान का विशेष महत्व है। इसी को ध्यान में रखकर उज्जैन में क्षिप्रा के तट पर हजारों की तादाद में श्रद्घालु जमा हैं। इतना ही नहीं यहां पहुंचने वाले भक्त महाकाल की पूजा अर्चना भी कर रहे हैं।
इसके अलावा जबलपुर होशंगाबाद में नर्मदा नदी के तट पर और ओरछा में बेतवा नदी पर श्रद्घालुओं का जन सैलाब उमड़ा हुआ है। श्रद्घालु शरीर पर तिल का लेप कर स्नान कर रहे हैं और सूर्य देव को अर्ध्य देकर मंगल भविष्य की कामना कर रहे हैं। मकर संक्रांति के मौके पर पतंगबाजी सहित अन्य खेलों की प्रतियोगिताओं का भी जगह-जगह आयोजन किया गया है।
नदियों के तट पर लगने वाले मेले और बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्घालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। जगह-जगह सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और तटों तक पहुंचने के लिए मार्ग भी तय किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications