सांसद ब्रजभूषण की गिरफ्तारी के लिए आवास पर छापा
लखनऊ के पुलिस उपाधीक्षक एस. सी. दुबे ने पत्रकारों को बताया कि सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने के लिए बुधवार को उनके लखनऊ के लक्ष्मणपुरी स्थित आवास पर छापेमारी की गई। जहां से उनके तीन गुर्गो रविंद्र प्रताप सिंह, शिव कुमार और प्रदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। फरार सांसद की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
दुबे ने बताया कि ब्रजभूषण शरण सिंह ने लक्ष्मणपुरी स्थित अपने आवास के पास बने सरकारी पार्क और वहां बने नलकूप पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य करा लिया था, जिसका लक्ष्मणपुरी जनकल्याण सिमति के सचिव उदय प्रताप सिंह द्वारा विरोध किया गया था। इस पर सांसद ब्रजभूषण की तरफ से उदय प्रताप को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
दुबे के मुताबिक मंगलवार देर रात उदय प्रताप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने सांसद ब्रजभूषण व अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर बुधवार को सांसद की गिरफ्तारी के लिए उनके आवास पर छापेमारी की।
ज्ञात हो कि ब्रजभूषण शरण सिंह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर 2003 के लोकसभा चुनाव में बलरामपुर सीट से सांसद चुने गए थे। फिलहाल वह भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications