कम उम्र के बच्चों के लिए हानिकारक हो सकता है अधिक टीवी देखना
विशेषज्ञ ने अभिभावकों को दो वर्ष से कम उम्र वाले बच्चों को टीवी से दूर रखने की सलाह दी है।
युनिवर्सिटी ऑफ वाशिंगटन तथा सीएटल चिल्ड्रेन रिसर्च इंस्टीट्यूट में प्राध्यापक डिमिट्री ए क्रिस्टैकिस ने उस डीवीडी को लेकर भी चिंता जाहिर की है, जिसे बगैर किसी वैज्ञानिक सबूत के बच्चों के लिए लाभकारी होने का दावा किया जाता है।
उन्होंने इस मामले में फ्रांस का जिक्र किया, जहां टीवी के विपरीत प्रभावों से तीन वर्ष तक की उम्र के बच्चों के स्वास्थ्य को बचाने तथा उनके विकास के लिए सख्त नया कानून अमल में लाया गया है।
क्रिस्टैकिस का यह अध्ययन पिछले 25 वर्षो के दौरान प्रकाशित 78 अध्ययनों पर गौर करता है। इसके साथ ही इस विशेष क्षेत्र में सहयोगियों के साथ किए गए उनके खुद के कई अध्ययनों के परिणामों को दोहराता है।
अपने निष्कर्ष में उन्होंने कहा है कि जारी चेतावनियों के बावजूद दो वर्ष तक की उम्र के 10 बच्चों में से 9 बच्चे नियमित रूप से टीवी देखते हैं। इनमें से कुछ बच्चे तो जाग्रत अवस्था का 40 प्रतिशत समय टीवी के सामने ही गुजारते हैं।
क्रिस्टैकिस का कहना है, "अभी तक किए गए किसी भी अध्ययन में ऐसा नहीं कहा गया है कि कम उम्र के बच्चों का टीवी देखना कहीं से भी लाभकारी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications