शेख हसीना का शपथ ग्रहण आज

हसीना स्थानीय समयानुसार शाम साढ़े छह बजे यानी भारतीय समयानुसार छह बजे शाम को शपथ ग्रहण करेंगी.
शेख हसीना का सफ़र
उनके शपथ ग्रहण के साथ ही पिछले लगभग दो बरसों से आपातकाल झेल चुके बांग्लादेश में लोकतांत्रिक सरकार कार्यभार संभाल लेगी.
बांग्लादेश में जनवरी, 2007 में आपातकाल लागू कर दिया गया था और सैनिक नियंत्रण वाली अंतरिम सरकार शासन कर रही थी.
पिछले महीने यानी दिसंबर में ही देश में आपातकाल हटाकर आम चुनावों की अनुमति दी गई. इन चुनावों में शेख हसीना सबसे बड़ी नेता के तौर पर उभरकर आई हैं.
शेख़ हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेतृत्व वाले 14 दलों के गठबंधन ने इन चुनावों में नेशनल असेंबली की तीन सौ में से 260 से अधिक सीटें जीती हैं.
बांग्लादेश का जनादेश
हालांकि शेख़ हसीना की प्रतिद्वंदी और पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया ने चुनाव परिणामों को अस्वीकार करते हुए इनमें धांधली का आरोप लगाया था.
ख़ालिदा ज़िया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को इन चुनावों में केवल 31 सीटें ही मिली हैं.
पर शेख हसीना ने उनके आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि चुनाव पारदर्शी तरीके से हुए हैं और विपक्ष को ऐसे आरोप लगाने के बजाय जनता के फ़ैसले को स्वीकार करना चाहिए.
शेख हसीना बांग्लादेश के एक बड़े राजनीतिक परिवार से आती हैं. उनके पिता शेख मुजीबुर रहमान को बांग्लादेश का राष्ट्रपिता कहा जाता है.












Click it and Unblock the Notifications