क्रिसमस के मौके पर पोप ने शांति का संदेश दिया
प्रभु ईसा मसीह के जन्म स्थान का हवाला देते हुए पोप ने कहा कि बेथलेहेम के दिव्य प्रकाश की ज्योति जिस पवित्र भूमि पर फैली थी, वहां इजरायल और फिलीस्तीन के लिए परिदृश्य एक बार फिर अंधकारमय दिखाई दे रहा है।
उल्लेखनीय है कि क्रिसमस की पूर्व संध्या पर फिलीस्तीनी आतंकवादियों ने इजरायल पर राकेटों से हमला किया और इसके जवाब में इजरायल ने भी हवाई हमला किया। जेरूसलम के ईसाई पादरी के अनुसार पोप के वर्ष 2009 में इजरायल, फिलीस्तीन और जार्डन की यात्रा की संभावना है।
विश्व में 1.1 अरब रोमन कैथोलिक ईसाइयों के धर्मगुरु पोप ने जिम्बाब्वे में राजनीतिक हिंसा और हैजे से पीड़ित लोगों के प्रति सहानुभूति भी प्रकट की। इसके साथ ही उन्होंने कांगो के युद्धग्रस्त किवु क्षेत्र, दारफुर, सूडान और सोमालिया के लोगों की संघर्ष और उत्पीड़न से मुक्ति की कामना की।
वेटिकन के अनुसार पोप के संदेश को 60 देशों के 90 टेलीविजन चैनलों से प्रसारित किया गया। पोप ने अपने संदेश में गरीबों की दुर्दशा और उपेक्षित तथा शोषित बच्चों की ओर भी ध्यान देने को कहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications