पीडब्ल्यूडी अभियंता के परिजनों ने की सीबीआई जांच की मांग
दिवगंत अभियंता के भाई शरद गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके परिवार को राज्य सरकार की पुलिस पर भरोसा नहीं है, इसलिए हत्या की जांच सीबीआई से कराई जाए।
उत्तरप्रदेश अभियंता संगठन ने भी गुप्ता की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष ए. क्यू. फारुकी ने लखनऊ में पत्रकारों से कहा कि इस घटना की जांच जब तक सीबीआई से नहीं कराई जाएगी तब तक तथ्य सामने नहीं आ पाएंगे।
उधर, दिवगंत अभियंता मनोज गुप्ता के शव को उनके लखीमपुर खीरी स्थित उनके पैतृक निवास ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गुप्ता के शव पर 32 चोटों के निशान पाए गए हैं। नाम न बताने की शर्त पर पोस्टमॉर्टम करने वाली टीम के एक डॉक्टर ने बताया कि मनोज गुप्ता को बुरी तरह पीटा गया था। उनका एक हाथ तोड़ दिया गया था और सिर के बाल उखाड़ लिए गए थे। इसके अलावा उन्हें बिजली का करंट भी दिया गया था।
उल्लेखनीय है कि औरैया में बुधवार को मनोज गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के स्थानीय विधायक शेखर तिवारी पर गुप्ता की हत्या करवाने का आरोप है। आरोपी शेखर तिवारी को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications