रोहाणी फिर होंगे मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष
भोपाल, 25 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की 13 वीं विधानसभा के अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)उन्हें फिर अध्यक्ष की कमान सौंपने का मन बना चुकी है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को जबलपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में इसकी पुष्टि भी कर दी। जबलपुर की उपेक्षा के पत्रकारों के सवाल पर चौहान ने कहा कि ऐसा न हुआ है और न ही होगा, क्योंकि रोहाणी को एक बार फिर विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। विधानसभा का सत्र पांच जनवरी से शुरू हो रहा है। इसमें रोहाणी फिर अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे।
दागियों को मंत्रिपरिषद में स्थान न दिए जाने के सवाल के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के 143 विधायक निर्वाचित होकर आए हैं और उनमें से एक भी दागी नहीं है। आरोप लगाना सामान्य बात है। अभी तक किसी पर भी आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं।
एक दिवसीय प्रवास के दौरान जबलपुर में मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का निरीक्षण किया। सुभाष चन्द्र बोस चिकित्सा महाविद्यालय में गंदगी पाए जाने पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता व अधीक्षक को मुख्यमंत्री ने कारण बताओ नोटिस भी जारी किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications