धमाकों के बाद बंद रहा सेंट्रल पार्क और पालिका बाजार
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के दिल 'कनाट प्लेस' स्थित 'सेंट्रल पार्क' में रविवार को भीड़ नदारद थी और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। छुट्टी की वजह से रविवार को सामान्य तौर पर यहां पिकनिक मनाने वालों की चहल-पहल रहती है, लेकिन शनिवार के धमाकों के बाद आज भी यहां के भूमिगत पालिका बाजार की दुकानों पर ताला जड़ा रहा।
सेंट्रल पार्क के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों का जमावड़ा लगा रहा। वे यहां शनिवार को हुए बम धमाकों के सुराग ढूंढने में व्यस्त थे।
कल शाम सवा छह बजे से सात बजे के बीच नई दिल्ली में अलग-अलग तीन स्थानों पर एक के बाद एक पांच बम धमाके हुए थे। इन धमाकों में 23 लोगों की जान चली गई थी और लगभग 100 घायल हो गए थे।
पालिका बाजार के एक दुकानदार कपिल ने आईएएनएस से कहा, "मैंने कल धमाकों के 15 मिनट बाद ही कपड़े की अपनी दुकान बंद कर दी थी। पुलिस ने हमलोगों से कहा कि आज भी (रविवार को) बाजार बंद रहेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications