विराट कोहली क्यों अंपायर के पास जाकर मुस्कुराने लगे? बात करने का कारण आया सामने, 18 साल पुरानी है कहानी
IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में आरसीबी ने धमाकेदार अंदाज में जीत दर्ज कर ली थी। विराट कोहली के बल्ले से भी रन आए। मैदान पर कोहली ने अंपायर के पास जाकर बात की, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। वह अंपायर के पास खड़े होकर मुस्कुरा भी रहे थे।
इससे फैंस के मन में यह जिज्ञासा पैदा हुई कि आखिर ऐसा क्या हो गया, जो कोहली अंपायर से फ्रेंड की तरह बात कर रहे हैं और उनकी हंसी निकल रही है। अंपायर भी कोहली के साथ बड़ी ही सहजता से बात कर रहे थे।

जिस अंपायर के साथ कोहली बात करते दिखाई देते हैं, उनका नाम अजितेश अर्गल है। उनकी कहानी भारतीय क्रिकेट के उन पन्नों जैसी है जहां एक खिलाड़ी अपनी मेहनत और किस्मत के मेल से मैदान पर नई भूमिका में वापसी करता है।
कोहली के साथ मिलकर जीता वर्ल्ड कप
साल 2008 में जब विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम ने मलेशिया में वर्ल्ड कप जीता था तब उस जीत के सबसे बड़े नायकों में अजितेश अर्गल का नाम शामिल था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए उस कम स्कोर वाले फाइनल मैच में उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी थी। उन्होंने महज 7 रन देकर 2 अहम विकेट लिए थे और उन्हें उस ऐतिहासिक खिताबी मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच के सम्मान से नवाजा गया था।
घरेलू क्रिकेट खेलकर हो गए गायब
वर्ल्ड कप की उस बड़ी सफलता के बाद अजितेश ने घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा की टीम की ओर से खेलना जारी रखा। हालांकि जिस तरह विराट कोहली और रवींद्र जडेजा जैसे उनके साथी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शिखर तक पहुंचे अजितेश का क्रिकेटिंग सफर वैसा मोड़ नहीं ले सका। उन्होंने कुछ समय तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला और किंग्स इलेवन पंजाब जैसी आईपीएल टीमों का हिस्सा भी रहे लेकिन धीरे-धीरे वे मुख्यधारा के क्रिकेट से ओझल होने लगे।
बाद में बन गए अंपायर
क्रिकेट के मैदान से दूर होने के बाद अजितेश ने एक नई दिशा चुनी और स्पोर्ट्स कोटे के माध्यम से आयकर विभाग में अधिकारी के तौर पर कार्यभार संभाला। एक सरकारी अधिकारी बनने के बावजूद क्रिकेट के प्रति उनका जुनून कम नहीं हुआ था। उन्होंने खेल से जुड़े रहने के लिए अंपायरिंग को अपना जरिया बनाया और बीसीसीआई की अंपायरिंग परीक्षाओं में सफलता हासिल की। घरेलू मैचों और महिला प्रीमियर लीग में बेहतरीन अंपायरिंग करने के बाद उनके करियर में एक बड़ा मोड़ तब आया जब उन्हें आईपीएल 2026 के सत्र के लिए अंपायरों के पैनल में शामिल किया गया।
18 साल पुरानी यादें ताजा
इसके बाद वह भावुक पल भी सामने आ गया, जब उनके पुराने साथ विराट कोहली खेल रहे थे और अजितेश अंपायर की भूमिका में खड़े थे। दोनों का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने 18 साल पहले का वह अंडर 19 वर्ल्ड कप याद किया।












Click it and Unblock the Notifications