टाटा मोटर्स ने किया सिंगुर पैकेज का स्वागत (लीड-1)
कोलकाता, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। टाटा मोटर्स ने एक लाख रुपये वाली कार 'नैनो' के उत्पादन संयंत्र के लिए जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसानों के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के पैकेज का स्वागत करते हुए इस विवाद को सुलझाने में सरकार के प्रयासों की सराहना की है।
टाटा मोटर्स ने सोमवार को जारी अपने बयान में कहा, "टाटा मोटर्स नैनो परियोजना के लिए सिंगुर में जमीन अधिग्रहण से प्रभावित स्थानीय निवासियों को संतुष्ट करने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के हालिया पहल की सराहना और समर्थन करती है।"
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि टाटा मोटर्स ने पश्चिम बंगाल के औद्योगिकरण करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सिंगुर में नैनो परियोजना स्थापित करने का फैसला किया था। इस पहल के माध्यम से कंपनी प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार के मौके मुहैया कराकर इस क्षेत्र के अर्थिक विकास में योगदान करना चाहती है।
कंपनी ने उम्मीद जताई कि जमीन विवाद सुलझाने के लिए राज्य सरकार की नई पेशकश सिंगुर के स्थानीय निवासियों को पसंद आएगी। कंपनी को उम्मीद है कि इस पेशकश के बाद इस मसले से जुड़े तमाम लोगों की ओर से अनुकूल वातावरण बनाने की कोशिश की जाएगी, ताकि क्षेत्र में उद्योगों का स्थाई संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने सिंगुर स्थित नैनो परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के लिए मुआवजे के नवीनतम पैकेज पर लोगों का समर्थन जुटाने के प्रयास में रविवार को स्थानीय अखबारों में विज्ञापन दिया है।
विज्ञापन में राज्य सरकार की ओर से कहा गया है, "परियोजना का निर्माण कार्य सामान्य रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह पैकेज मुहैया कराया जा रहा है।" यह विज्ञापन कुछ अखबारों के मुख्य पृष्ठ पर और कुछ अखबारों में अंदर के पृष्ठ पर प्रमुखता से छापा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications