गांधी परिवार से 'नजदीकियों' के बारे में अनभिज्ञ हैं अमिताभ
कोलकाता, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। देशभर में भले ही यह चर्चा हो रही हो कि गांधी व बच्चन परिवार एक बार फिर से नजदीक आ सकते हैं, लेकिन बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के अनुसार इस विषय से जुड़ी जानकारी उन्हें अखबारों के जरिए ही मिली है। उन्होंने कहा कि निजी तौर पर उन्हें इससे जुड़ी कोई जानकारी नहीं थी।
कोलकाता, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। देशभर में भले ही यह चर्चा हो रही हो कि गांधी व बच्चन परिवार एक बार फिर से नजदीक आ सकते हैं, लेकिन बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के अनुसार इस विषय से जुड़ी जानकारी उन्हें अखबारों के जरिए ही मिली है। उन्होंने कहा कि निजी तौर पर उन्हें इससे जुड़ी कोई जानकारी नहीं थी।
शुक्रवार को रिलीज हुई अपनी पहली अंग्रेजी फिल्म 'द लास्ट लियर' के प्रीमियर पर कोलकाता पहुंचे बच्चन से जब यह पूछा गया कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ विवाद में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनके समर्थन में बयान दिया था तो उन्होंने इस बाबत कोई जानकारी नहीं होने की बात कही।
उन्होंने आईएएनएस से कहा, "इस बारे में मैंने अखबारों में ही पढ़ा है, लेकिन निजी रूप से मैं इन बातों से अनभिज्ञ हूं।"
बच्चन को इस बात का दुख है कि मनसे के कार्यकर्ताओं के कारण मुंबई में आयोजित उनकी फिल्म 'द लास्ट लियर' का प्रीमियर रद्द करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि ऐसा उनकी पत्नी, सांसद व अभिनेत्री जया बच्चन पर मराठी विरोधी होने के आरोपों के बाद किया गया।
अभिनेता ने इस बात को लेकर कोई शिकायत नहीं की, लेकिन इतना अवश्य कहा कि उन्हें खुशी होती यदि मुंबई के दर्शकों के बीच भी वे इस फिल्म से जुड़ी अपनी भावनाएं बांट पाते। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि कोलकाता में इसका प्रीमियर किया गया। कोलकाता को उन्होंने अपना दूसरा घर बताया।
बच्चन ने कहा, "मेरी हिंदी फिल्म 'अग्निपथ' के बाद दूसरी बार मेरी किसी फिल्म का प्रीमियर मुंबई से पहले कोलकाता में किया गया है।"
मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बयानों पर उन्होंने कहा, "वह अध्याय अब समाप्त हो चुका है। मुझे इस बात की खुशी है कि मैं अकेला नहीं हूं। देश की जनता मेरे साथ है और जब तक उनका साथ और विश्वास मेरे साथ है, मुझे कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications