फार्मूला वन : विटेल के नाम एक अनोखा रिकार्ड
मोंजा (इटली), 14 सितम्बर (आईएएनएस)। टोरो रोसो टीम के युवा जर्मन चालक सबास्टियन विटेल ने इटेलियन ग्रां पी के लिए पोल पोजीशन (मुख्य रेस के लिए पहला स्थान) हासिल करते हुए एक अनोखा रिकार्ड अपने नाम कर लिया है।
1950 में शुरू हुई फार्मूला वन चैंपियनशिप में विटेल पोल पोजीशन हासिल करने के वाले सबसे युवा चालक हैं। विटेल ने किमी राइकोनन और लुइस हेमिल्टन जैसे दिग्गज चालकों को पीछे छोड़ते हुए ग्रीड पर सबसे आगे से मुख्य रेस की शुरुआत करने का अधिकार हासिल किया।
जर्मनी की मीडिया विटेल को 'बेबी शुमी' यानि छोटा शुमाकर कहकर पुकारती है। ऐसा इसलिए क्योंकि जर्मनी के फार्मूला वन दिग्गजों का दावा है कि आने वाले दिनों में विटेल सात बार के चैंपियन माइकल शुमाकर सरीखे चमत्कारी चालक निकलेंगे।
विटेल ने अपने शानदार प्रदर्शन के बूते इस सत्र में टोरो रोसो टीम को अप्रत्याशित रूप से पहला पोल पोजीशन दिलाया। वैसे विटेल की ही बदौलत टोरो रोसो टीम का प्रदर्शन लगातार निखरता जा रहा है क्योंकि टीम तालिका में उसे अब तक 17 अंक मिले हैं, जिसमें से 13 अंक अकेले विटेल ने हासिल किए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications