विस्फोटों के एक दिन बाद कम ही दर्शक पहुंचे रीगल
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। देश की राजधानी के केंद्र में स्थित कनाट प्लेस के रीगल सिनेमाघर में अमूमन भारी संख्या में दर्शक मौजूद होते हैं, लेकिन शनिवार को रीगल के बाहर जिंदा बम मिलने के एक दिन बाद बहुत कम दर्शक फिल्म देखने पहुंचे।
रीगल के प्रबंधक रवि शर्मा ने आईएएनएस से कहा, "इस सिनेमाघर में एक साथ 650 लोग फिल्म देख सकते हैं। सप्ताहांत में अमूमन यहां 450 लोगों की भीड़ होती है, लेकिन आज पहले शो में हमने 143 टिकटें ही बेचीं।"
रीगल में अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ अभिनीत फिल्म 'सिंह इज किंग' का प्रदर्शन किया जा रहा है। शर्मा को उम्मीद है कि कुछ दिनों में फिल्म देखने वालों की संख्या में इजाफा होगा।
अपने पांच दोस्तों के साथ सिनेमा देखने पहुंचे 22 वर्षीय आशीष सिंह के अनुसार ऐसी घटनाओं के बाद यदि हम डरे रहेंगे तो समाज में आतंक फैलाकर लोगों को डराने की आतंकवादियों की मंशा पूरी हो जाएगी।
दो दोस्तों के साथ फिल्म देखने पहुंचे नजीर ने कहा, "शनिवार को यहां मिले बम ने हमें सिखाया है कि डरने और आत्मविश्वास खोने के बजाय हमें परिस्थितियों का डटकर सामना करने की जरूरत है।"
शनिवार शाम को राजधानी में हुए पांच बम विस्फोटों में से दो कनाट प्लेस के निकट हुए थे, जिसमें कम-से-कम 23 लोगों की जान गई और 100 घायल हो गए। बाद में तीन जिंदा बम बरामद किए गए थे, जिन्हें निष्क्रिय कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications