Pak LPG Crisis: पाकिस्तान में गैस की भयंकर किल्लत, गुब्बारों में LPG भर रहे लोग, कैसे करता है काम?
Pak LPG Crisis: पाकिस्तान के कराची शहर के लोग इस समय गंभीर गैस संकट का सामना कर रहे हैं। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई परिवार गैस को प्लास्टिक के बड़े गुब्बारों में भरकर घरों में जमा कर रहे हैं। तरीका खतरनान है लेकिन मरता क्या न करता वाली बात भी है। लिहाजा लोग जान दांव पर लगाकर दो वक्त की रोटी का जुगाड़ कर रहे हैं।
किन इलाकों में सबसे ज्यादा असर?
पाकिस्तानी मीडिया एआरवाई न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, कराची के कुछ हिस्सों में लोगों ने प्लास्टिक के गुब्बारों में गैस स्टोर करना शुरू कर दिया है। लंबे समय से गैस की कमी और कम प्रेशर की वजह से लोगों का रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ऑरंगी टाउन और खासकर मोमिनाबाद जैसे इलाकों में यह तरीका तेजी से अपनाया जा रहा है। वहां रहने वाले लोगों का कहना है कि गैस सप्लाई इतनी अनियमित हो गई है कि उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा।

कैसे काम करता है यह गैस गुब्बारा सिस्टम?
रिपोर्ट के अनुसार, जब कुछ समय के लिए गैस सप्लाई आती है, तब लोग खास डिजाइन वाले प्लास्टिक गुब्बारों में गैस भर लेते हैं। इसके बाद गुब्बारे को गैस लाइन से अलग कर दिया जाता है। बाद में जरूरत पड़ने पर उसी गैस का इस्तेमाल खाना पकाने और घरेलू कामों के लिए किया जाता है। यानी यह एक अस्थायी गैस स्टोरेज या गैस सिलेंडर सिस्टम की तरह इस्तेमाल हो रहा है, ताकि दिनभर की जरूरतें पूरी हो सकें।
कहां और कितने में मिल रहे ये गुब्बारे?
पाकिस्तान के बाजार में ये प्लास्टिक गुब्बारे लगभग 1,000 रुपये से 1,500 रुपये तक में मिल रहे हैं। गैस संकट लगातार बढ़ने की वजह से अब इनकी मांग भी बढ़ गई है। कई लोगों ने कहा कि यह तरीका उनकी आखिरी उम्मीद बन गया है, क्योंकि बिना गैस के घर चलाना मुश्किल हो गया है। इससे साफ है कि कराची में गैस संकट कितनी गंभीर स्थिति में पहुंच चुका है।
रोजमर्रा के काम भी हो गए मुश्किल
कई परिवारों को खाना बनाना, पानी गर्म करना और दूसरे बुनियादी घरेलू काम करने में दिक्कत हो रही है। गैस कभी आती है, कभी नहीं आती, और जब आती है तो प्रेशर बहुत कम होता है। ऐसे में लोग मजबूरी में ऐसे असामान्य और जोखिम भरे तरीके अपनाने लगे हैं।
"चलता-फिरता बम"
सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने इस तरीके पर गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि प्लास्टिक गुब्बारों में गैस भरकर रखना बहुत बड़ा खतरा है। एक्सपर्ट्स ने इन गैस भरे गुब्बारों को "चलता-फिरता बम" बताया है। उनका कहना है कि हल्का सा घर्षण, गर्मी या छोटी सी चिंगारी भी बड़ा धमाका कर सकती है। अगर ऐसा हुआ तो घनी आबादी वाले इलाकों में भारी नुकसान हो सकता है। इसके साथ ही घरों में आग लगने का खतरा भी बढ़ गया।
घरों में बढ़ा आग लगने का डर
घरों के अंदर गैस भरे गुब्बारे रखने से आग लगने की घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है। यही वजह है कि विशेषज्ञों ने तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। एआरवाई न्यूज़ के मुताबिक, विश्लेषकों ने गैस कंपनियों और स्थानीय प्रशासन से कहा है कि वे जल्द से जल्द गैस सप्लाई की समस्या हल करें और इस "जानलेवा ट्रेंड" को रोकें।
पूरे पाकिस्तान में है संकट
दरअसल अमेरिका-इजरायल बनाम ईरान की लड़ाई में बंद हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ने पाकिस्तान में जबरदस्त एनर्जी क्राइसिस पैदा कर दिया। जिसमें पेट्रोल-डीजल एप के जरिए मिल रहा है। फ्लाइट ग्राउंडेड हो गई हैं और गैस को लेकर सड़कों पर मारा-मारी हो रही है। यही वजह है कि पाकिस्तानियों ने अब गुब्बारों का इस्तेमाल सिलेंडर के तौर पर करना शुरू कर दिया है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications