खुद को हटाए जाने का विरोध करेंगे मुशर्रफ
इस्लामाबाद, 22 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी शक्तियों में कमी अथवा खुद को हटाए जाने के किसी भी कदम का विरोध करेंगे।
मुशर्रफ ने कहा है कि उन्हें अमेरिका जैसे शक्तिशाली मित्रों का सहयोग प्राप्त है।
समाचार पत्र 'द न्यूज' के अनुसार, "अगर गठबंधन सरकार उनकी शक्तियों में कटौती करने या उन्हें हटाने का प्रयास करती है तो मुशर्रफ इसका प्रतिरोध करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
राष्ट्रपति ने कल पाकिस्तान मुस्लिम लीग-कायद (पीएमएल-क्यू) के एक प्रतिनिधिमंडल से कहा है कि उन्हें सत्तारुढ़ गठबंधन का नेतृत्व करने वाली पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी पर भरोसा नहीं है।
यह प्रतिनिधमंडल पीपीपी द्वारा प्रस्तावित संविधान संशोधन पर चर्चा के लिए मुशर्रफ से मिलने गया था। इन संशोधनों के तहत मुशर्रफ द्वारा बर्खास्त किए गए न्यायधीशों को बहाल किया जाना है।
पीएमएल-क्यू के एक सूत्र के हवाले से 'द न्यूज' ने कहा, "राष्ट्रपति ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि उन्हें शक्तिशाली राष्ट्रीय संस्थाओं, कुछ राजनीतिक दलों और अमेरिका का समर्थन प्राप्त है।"
मुशर्रफ ने पीएमएल-क्यू नेताओं से यह भी कहा कि वे उनके खिलाफ उठाए जाने वाले कदम की काट के लिए अपनी रणनीति बनाए। उन्होंने उनसे सीनेट और नेशनल असेंबली के साथ-साथ संसद के बाहर अपनी स्थिति मजबूत करने और अन्य राजनीतिक दलों के साथ संपर्को को मजबूत करने को कहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications