हिंसा की आग में जल उठा पाकिस्तान
इस्लामाबाद 28 दिसंबर: कल शाम पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या के बाद आज पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में दंगाई हिंसा का दौर प्रारंभ हो चुका है.
भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के कार्यकर्ता बेहद रोष में हैं तथा सड़कों पर उतर कर हिंसात्मक प्रदर्शन कर रहे हैं.
देश के विभिन्न शहरों से जबरदस्त हिंसा के समाचार मिले हैं. केवल कराची शहर में ही अब तक इस हिंसा में 11 लोगों की मृत्यु हो चुकी है तथा अनेक अन्य घायल हुए हैं.
भुट्टो के गृहप्रांत तथा पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के गढ़ माने जाने वाले दक्षिणी सिंध प्रांत में सर्वाधिक हिंसा तथा क्षति पहुँचाए जाने की खबरें हैं. प्रांतीय गृह मंत्री अख्तर जमान के आदेश के बाद पूरे सिंध प्रांत में रेंजर्स को तैनात कर दिया गया है तथा उपद्रवियों को देखते ही गोली मारे जाने के आदेश जारी कर दिये गए हैं.
कानकोट में तीन रेलवे स्टेशनों को राख कर देने के साथ ही तीन बैंकों को भी जला दिया गया है. पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के समर्थकों ने इंडस राजमार्ग भी जाम कर दिया है.
वहीं पहले से ही हिंसा से ग्रस्त स्वात घाटी में एक कार बम विस्फोट होने से 6 लोगों की मृत्यु होने की खबर है, तथा वहाँ अभी भी कर्फ्यू जारी रखा गया है.












Click it and Unblock the Notifications