विश्व नेताओं ने पाक से चुनाव जारी रखने को कहा
इस्लामाबाद 28 दिसंबर: विश्व के प्रमुख नेताओं ने पाकिस्तान से आग्रह किया है कि बेनजीर भुट्टो की नृशंस हत्या का असर वहाँ लोकतंत्र की स्थापना के लिए बढ़ाए जा रहे कदमों पर न पड़ने दिया जाए तथा पाकिस्तान में शीघ्र ही स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनावों का आयोजन किया जाए, ताकि वहाँ सही मायनों में लोकतंत्र की स्थापना हो सके.
कल गुरुवार को रावलपिंडी में एक चुनाव रैली के बाद हुई भुट्टो की हत्या के बाद उनके गृहप्रांत सिंध में हिंसा की लहर दौड़ गई थी तथा भीषण दंगों में भारी नुकसान के बाद आगामी 8 जनवरी को प्रस्तावित आम चुनावों को रद्द किये जाने आशंकाएं पैदा हो गई हैं.
परंतु विश्व नेताओं ने कहा है कि पाकिस्तान को भुट्टो की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों की मंशाओं को पूरा नहीं होने देना चाहिए, तथा चुनावों का आयोजन सुनिश्चित करना चाहिए.
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री केविन रूड ने इस दु:खद हत्या पर अफसोस तथा क्षोभ जताते हुए एक बयान में कहा कि इस हमले के लिए जिम्मेदार कट्टरवादी ताकतों को सफल होने का मौका नहीं दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि मैं सभी पाकिस्तानी पार्टियों से आग्रह करता हूँ कि वे इन ताकतों के खिलाफ डटकर खड़े हों तथा एक शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक व्यवस्था की ओर लौटने के लिए पूरी हिम्मत से कार्य करें. उन्होंने कहा कि यह उनका विश्वास है कि एक लोकतांत्रित पाकिस्तान ही बेनजीर की सच्ची विरासत होगी.
वहीं दूसरी ओर न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री हेलेन क्लार्क ने इस प्रकरण पर गहरा विषाद जताते हुए कहा कि पाकिस्तान में स्वतंत्र तथा निष्पक्ष चुनावों का आयोजन ही भुट्टो को सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने टेलीविजन पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए इस हत्या की कड़ी भर्त्सना की तथा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. परंतु उन्होंने अपनी इस अपील में इस्लामी हिंसा से ग्रस्त पाकिस्तान के स्थायित्व की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे चुनावों का कोई भी जिक्र नहीं किया.
पाकिस्तान में अमेरिका के पूर्व राजदूत निकोलस प्लैट ने उम्मीद जताई कि पाकिस्तान में चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी तथा पाकिस्तानी नेतृत्व इस बात को समझेगा कि भुट्टो पर किया गया हमला दरअसल चुनाव प्रक्रिया पर किया गया हमला है तथा चुनावों को रद्द करना अथवा इस प्रक्रिया को धीमा करना वास्तव में उन लोगों के मंसूबों को पूरा करना ही होगा जिन्होंने इस जघन्य घटना को अंजाम दिया है.
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने भी इस हत्याकांड की कड़ी आलोचना करते हुए पाकिस्तान से पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 8 जनवरी को ही आम चुनाव आयोजित करवाने का आग्रह किया.
उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका पाकिस्तान में लोकतंत्र की स्थापना के विरोधी हत्यारे आतंकवादियों के इस कायरतापूर्ण कुकृत्य की कड़ी भर्त्सना करता है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी इस अपराध को अंजाम दिया है उन्हें कड़े से कड़ा दण्ड मिलना चाहिए.
ज्ञातव्य है कि कल हुए आत्मघाती हमले में हुई बेनजीर भुट्टो की हत्या के बाद नवाज शरीफ ने कहा था कि वे होने जा रहे चुनावों का बहिष्कार करेंगे.












Click it and Unblock the Notifications