Vijay Gurjar DCP Surat: किसान के बेटे की कांस्टेबल से IPS बनने की कहानी, हिंदी माध्यम से क्रैक की UPSC
IPS Vijay Singh Gurjar Success Story: गुजरात कैडर के आईपीएस विजय सिंह गुर्जर को सूरत डीसीपी लगाया गया है। IPS Vijay Singh Gurjar मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव देवीपुरा बणी के रहने वाले हैं।
IPS Vijay Singh Gurjar Motivational Story: किसान परिवार में जन्मे। गांव में पले-बढ़े। खेतों में काम किया। सरकारी स्कूल-कॉलेज में पढ़ाई की। कामयाबी की बारी आई तो कांस्टेबल से आईपीएस तक का सफर तय कर डाला। यूपीएससी क्रैक कर डाली। वो भी हिंदी माध्यम से।

राजस्थान में किसान के बेटे और गुजरात कैडर के काबिल पुलिस अफसर विजय सिंह गुर्जर की सक्सेस स्टोरी का आज हम इसलिए जिक्र कर रहे हैं, क्योंकि इन्हें गुजरात की डायमंड सिटी सूरत का डीसीपी बनाया गया।
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में आईपीएस विजय सिंह गुर्जर ने राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ उपखंड के गांव देवीपुरा बणी से गुजरात में सूरत डीसीपी बनने तक की पूरी कहानी बयां की।
आईपीएस विजय सिंह गुर्जर ने बताया कि गुजरात में SRPF ग्रुप 14 वलसाड के कमांडेंट पद से उनका तबादला सूरत डीसीपी पद पर किया गया है। इससे पहले झाड़ोल व भावनगर में भी सेवाएं दे चुके हैं।
साल 2009 में विजय सिंह गुर्जर ने नवलगढ़-उदयपुरवाटी रोड पर स्थित चिराना के राजकीय संस्कृत आचार्य कॉलेज से संस्कृत में शास्त्री की डिग्री ली। फिर साल 2010 में दिल्ली पुलिस कांस्टेबल पद पर ज्वाइन किया। पहली बार सरकारी नौकरी लगने के बावजूद विजय सिंह गुर्जर ने मेहनत जारी रखी।
छह माह बाद ही दिल्ली पुलिस कांस्टेबल से एसआई बनने में सफल रहे। तीन साल तक दिल्ली पुलिस में सेवाएं दी। फिर साल 2013 में सेंट्रल एक्साइज में इंस्पेक्टर बनकर केरल के तिरुवनंतपुरम पहुंचे। फरवरी 2014 में आयकर विभाग में इंस्पेक्टर बनकर दिल्ली लौटे।
दिल्ली में रहते हुए विजय सिंह गुर्जर ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। यूपीएससी 2016 में इंटरव्यू तक पहुंचे। फिर दूसरी बार प्रयास किया और यूपीएसीसी 2017 में 574वीं रैंक पाकर गुजरात कैडर में 2018 बैच के आईपीएस अफसर बने।
तीन बार प्री भी पास नहीं कर पाए
विजय सिंह गुर्जर ने आईपीएस बनने से पहले कई बार असफलता देखी। साल 2013, 2014 और 2015 में यूपीएससी की प्री परीक्षा भी पास नहीं कर पाए थे, मगर हिम्मत नहीं हारी। इस बीच आरएएस 2013 में 556वीं और आरएएस 2016 में 456वीं रैंक हासिल की, मगर आईपीएस बनने का ख्वाब पूरा करने के लिए आरएएस ज्वाइन नहीं किया।
आईपीएस विजय सिंह गुर्जर का परिवार
- विजय सिंह गुर्जर का जन्म साल 1987 में गांव देवीपुरा के किसान लक्ष्मण सिंह व चंदा देवी के घर में हुआ।
- विजय सिंह गुर्जर के बड़े भाई अजय गुर्जर राजस्थान में पटवारी हैं।
- इनके तीन बहन सुमित्रा, मैनावती व प्रियंका है।
- आईपीएस विजय सिंह गुर्जर की शादी सीकर जिले के गांव भादवासी निवासी सुनिता देवी से हुई है।












Click it and Unblock the Notifications