Ganesh Chaturthi 2025: गणेश चतुर्थी पर बप्पा को लगाएं इन 7 मिठाइयों का भोग, घर में आएगी सुख-समृद्धि
Ganesh Chaturthi 2025: भारत में पर्व-त्योहार न केवल आस्था का प्रतीक होते हैं बल्कि परंपराओं, स्वाद और संस्कृति से भी गहराई से जुड़े रहते हैं। इन्हीं पर्वों में से एक है गणेश चतुर्थी, जिसे पूरे देश में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है।
27 अगस्त को होगी गणपति बप्पा की स्थापना
इस बार गणेश चतुर्थी का त्योहार आगामी 27 अगस्त 2025 (बुधवार) को मनाया जाएगा। इस दिन गणपति बप्पा की स्थापना की जाती है और उन्हें विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाता है। कहा जाता है कि भगवान गणेश को खासतौर पर मिठाइयां बेहद प्रिय हैं।

बप्पा को अलग-अलग मिठाइयां अर्पित की जाती हैं
ऐसे में इस खास दिन पर बप्पा को अलग-अलग मिठाइयां अर्पित करने की परंपरा है। गणेश चतुर्थी केवल पूजा-पाठ और आराधना का पर्व नहीं है, बल्कि यह परंपरा और स्वाद का भी उत्सव है। इस दिन बप्पा को विभिन्न मिठाइयों का भोग लगाना न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि ये पूरे परिवार को एक साथ जोड़ने का अवसर भी देता है।
जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सकारात्मकता का स्वागत होता है
इस गणेश चतुर्थी पर आप भी बप्पा को उनकी प्रिय मिठाइयों का भोग लगाकर उनकी कृपा प्राप्त करें और अपने जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सकारात्मकता का स्वागत करें। आइए जानते हैं कि गणेश चतुर्थी पर बप्पा को कौन-कौन सी मिठाइयां चढ़ाकर उन्हें प्रसन्न किया जा सकता है।
गणेश चतुर्थी पर गणपत बप्पा को लगाएं इन 7 मिठाइयों का भोग
1. मोदक
गणेश चतुर्थी की बात हो और मोदक का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। इसे गणपति बप्पा का सबसे प्रिय पकवान माना जाता है। महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में उकडीचे मोदक यानी भाप में पकाए गए मोदक विशेष रूप से बनाए जाते हैं। इनमें नारियल और गुड़ की स्टफिंग होती है। घी में तले हुए मोदक भी उतने ही लोकप्रिय हैं। मान्यता है कि बप्पा को 21 मोदक का भोग अर्पित करने से घर में सुख-समृद्धि और सौभाग्य आता है।
2. लड्डू
गणेश जी की प्रतिमाओं में आपने अक्सर उनके हाथ में लड्डू देखा होगा। ये सिर्फ संयोग नहीं है, बल्कि लड्डू को गणपति का प्रिय प्रसाद माना जाता है। बेसन के लड्डू, बूंदी के लड्डू या फिर रवा लड्डू, किसी भी प्रकार के लड्डू आप बप्पा को चढ़ा सकते हैं। खासतौर पर बूंदी के लड्डू शुभता और समृद्धि का प्रतीक माने जाते हैं।
3. पेडे
मिल्क पेडा यानी दूध से बनी ये मिठाई हर पूजा और भोग का अहम हिस्सा होती है। गणेश चतुर्थी पर पेडों का भोग लगाने से घर में शांति और सकारात्मकता बनी रहती है। खासतौर पर केसर पेडा और दूध पेडा बप्पा को अर्पित करना शुभ माना जाता है। पवित्रता और सादगी का भाव इस मिठाई से जुड़ा हुआ है।
4. नारियल की बर्फी
नारियल गणेश जी को बेहद प्रिय है, इसलिए नारियल से बनी मिठाइयां चढ़ाना विशेष फलदायी माना जाता है। नारियल की बर्फी या नारियल लड्डू इस दिन खास तौर पर बनाए जाते हैं। ये मिठाई भोग में शामिल करने से घर में खुशहाली और प्रसन्नता आती है।
5. गुड़ और तिल की मिठाइयां
गणपति बप्पा को गुड़ और तिल से बनी मिठाइयां भी बहुत पसंद हैं। खासकर तिलगुल लड्डू, गुड़ की चक्की या चूरमा लड्डू। मान्यता है कि गुड़ और तिल का भोग लगाने से संबंधों में मधुरता आती है और जीवन से कटुता दूर होती है।
6. रवा हलवा या सूजी का शीरा
गणेश चतुर्थी पर भोग में अक्सर सूजी का शीरा या रवा हलवा भी शामिल किया जाता है। इसे बनाना आसान होता है और ये खाने में भी बहुत स्वादिष्ट होता है। परंपरा है कि पूजा के बाद इसे प्रसाद के रूप में परिवार और भक्तों में बांटा जाता है।
7. खीर
दूध, चावल और चीनी से बनी खीर हर धार्मिक अवसर की शोभा बढ़ाती है। गणेश चतुर्थी पर खीर का भोग लगाने से घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है। इसमें मेवे और केसर मिलाकर इसे और भी खास बनाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications