संतरे का छिलका बनेगा नैचुरल एयर प्यूरीफायर, कैसे बनेगा दिल्ली की जहरीली हवा में 'रामबाण'?
Air Pollution: सर्दियों के आते ही दिल्ली-एनसीआर में धुंध और प्रदूषण का कहर बढ़ जाता है। इस बार भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। दिवाली के आसपास से ही दिल्ली की हवा बेहद खराब हो चुकी है। लोग सांस लेने में परेशानी महसूस कर रहे हैं और आंखों में जलन की शिकायतें बढ़ी हैं।
सड़कों पर वाहनों का धुआं, फैक्ट्रियों का उत्सर्जन और घरों में गैस, मोमबत्तियां व क्लीनर-सब मिलकर सांस लेना मुश्किल बना देते हैं। ऐसे में एयर प्यूरीफायर खरीदना सबके बस की बात नहीं होती। लेकिन सोचिए, अगर रसोई में ही एक ऐसा उपाय मौजूद हो जो बिना ज्यादा खर्च किए हवा को ताजा कर दे, तो कैसा रहेगा?

संतरे का छिलका बन सकता है घरेलू उपाय
जहां सरकार प्रदूषण रोकने के लिए कदम उठा रही है, वहीं घर की हवा को ताजा बनाए रखना अब लोगों की अपनी जिम्मेदारी भी बन गई है। इसके लिए एक आसान घरेलू उपाय है-संतरे के छिलके का इस्तेमाल। आमतौर पर लोग इसे बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन यही छिलका घर की हवा को साफ और सुगंधित बनाने में मदद कर सकता है।
वैज्ञानिक रिसर्च में मिला सबूत
आज तक की एक रिपोर्ट के अनुसार, साल 2023 में जर्नल ऑफ फूड केमिस्ट्री एंड नैनोटेक्नोलॉजी में छपी एक स्टडी के अनुसार, संतरे के छिलके में फ्लैवोनॉयड, फेनोलिक एसिड और कैरोटीनॉयड जैसे तत्व पाए जाते हैं। ये हमारे शरीर को ऑक्सीडेटिव नुकसान से बचाते हैं। छिलके का अंदरूनी सफेद हिस्सा, जिसे अक्सर फेंक दिया जाता है, दरअसल सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है। जब इसे उबालकर उसकी भाप घर में फैलाई जाती है, तो यह हवा में मौजूद हानिकारक गैसों को कम करने में मदद करता है।
कैसे करता है काम
संतरे के छिलके में मौजूद टेर्पीन्स (जैसे लिमोनीन) और पॉलीफेनॉल ओजोन और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी जहरीली गैसों को खत्म करने का काम करते हैं। जब छिलके को उबाला जाता है, तो इसकी खुशबू और एंटीऑक्सिडेंट हवा में फैल जाते हैं, जिससे कमरा ताजा महसूस होता है।
घर में ऐसे करें इस्तेमाल
- 2-3 संतरे के छिलके अच्छी तरह धो लें।
- एक छोटे बर्तन में पानी डालें और छिलके को धीमी आंच पर 20-40 मिनट तक उबालें।
- ढक्कन न लगाएं ताकि भाप पूरे कमरे में फैल सके।
- चाहें तो इसमें दालचीनी, लौंग या तेज पत्ता डाल सकते हैं।
- पानी कम हो जाए तो थोड़ा और डालें और बर्तन पर नजर रखें।
- कमरे की खिड़की थोड़ी खुली रखें ताकि हवा का प्रवाह बना रहे।
क्या मिलते हैं फायदे
- कमरे में ताजगी और हल्कापन महसूस होता है।
- खाना पकाने या सफाई के बाद की तेज गंध कम हो जाती है।
- ओजोन मीटर वाले लोग हवा की गुणवत्ता में फर्क महसूस कर सकते हैं।
- यह तरीका खासकर छोटे फ्लैट्स और किराएदारों के लिए आसान और सस्ता उपाय है।
यह 'वेस्ट टू वैल्यू' का अच्छा उदाहरण है, जिससे बेकार चीज का उपयोग फायदेमंद बन जाता है।
कब न करें यह उपाय
- अगर आपको सिट्रस (खट्टे फलों) की खुशबू से सिरदर्द या एलर्जी होती है।
- अगर घर में नमी या फफूंदी की समस्या है।
- या सिर्फ छिलके उबालने के लिए गैस जलाने से बचें।
संतरे के छिलके से बनी यह भाप प्रदूषित मौसम में घर की हवा को थोड़ा राहत दे सकती है। हालांकि यह कोई एयर प्यूरीफायर का विकल्प नहीं, लेकिन एक आसान, सस्ता और प्राकृतिक तरीका जरूर है जिससे आप अपने घर की हवा को कुछ हद तक ताजा रख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications