ओबामा ने सीरिया पर मतदान स्थगित करने को कहा
वाशिंगटन। सीरिया के रासायनिक हथियारों को अंतर्राष्ट्रीय कब्जे में लेने की रूस की पहल का लाभ उठाने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सीरिया पर हमले के लिए अधिकृत करने संबंधी प्रस्ताव पर कांग्रेस में होने वाले मतदान को स्थगित करने के लिए कहा है। इसके साथ ही ओबामा ने व्हाइट हाउस से टेलीविजन पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए मंगलवार रात इस बात को काफी मजबूती से सामने रखा कि कथित रासायनिक हथियारों के उपयोग के लिए सीरिया के शासक बशर अल-असद के खिलाफ क्यों कार्रवाई करना जरूरी है।
ओबामा ने कहा, "यदि हम कार्रवाई करने में विफल रहे तो असद प्रशासन रासायनिक हथियारों का उपयोग रोकने का कोई कारण नहीं देखेगा। हमले का उद्देश्य असद प्रशासन को रासायनिक हथियारों के उपयोग के लिए अक्षम करना और दुनिया के सामने स्पष्ट करना होगा कि दुनिया में रासायनिक हथियारों के उपयोग को हम सहन नहीं करेंगे।"

ओबामा ने कहा कि सीरिया में पिछले महीने रासायनिक हथियारों का उपयोग केवल अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन नहीं है, यह हमारे समाज के लिए एक खतरा है। ओबामा ने कहा कि किसी को सीरिया में रासायनिक हथियारों के उपयोग पर संदेह नहीं है और असद प्रशासन इसके लिए जिम्मेदार है।
ओबामा ने कहा कि अमेरिका दुनिया का पुलिसमैन नहीं है। पूरी दुनिया में भयावह चीजें होती हैं और सब कुछ ठीक करना हमारी क्षमता से बाहर है। लेकिन जब बच्चों की मौत गैसों से हो और अपने बच्चों को सुरक्षित करने की बात हो तो अमेरिका को कार्रवाई करनी चाहिए। यही अमेरिका को सबसे अलग बनाता है।
उधर विदेश मंत्री जॉन केरी गुरुवार को जेनेवा में रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव से मुलाकात करेंगे। अमेरिकी, फ्रांसीसी और ब्रिटिश राजनयिक, रूस और चीन के साथ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एक प्रस्ताव पर काम शुरू कर चुके हैं। इस प्रस्ताव के अनुसार सीरिया के रासायनिक हथियार अंतर्राष्ट्रीय नियंत्रण में सौंप दिए जाएं और बाद में उन्हें नष्ट कर दिया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications