मोदी का इस्तेमाल कर उन्हें दरकिनार कर देगी भाजपा: सचिन पायलट
नई दिल्ली। कांग्रेस के युवा केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट का मानना है कि भाजपा गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का इस्तेमाल कर रही है और एक बार उनका इस्तेमाल कर राजनाथ सिंह सहित अन्य नेता खुद बागडोर संभाल लेंगे। उन्होने यह भी कहा कि मोदी की पीएम पद की उम्मीदवारी कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित होगी। पायलट का कहना है कि 2009 के चुनाव में जब आडवाणी को पीएम पद का प्रत्याशी घोषित किया गया था तो कांग्रेस को 50 सीटों का फायदा हुआ था। सीटों की संख्या 156 से बढ़कर 206 हो गयी थी।
पायलट का कहना है कि आज राजग में सिर्फ शिवसेना और अकाली दल ही भाजपा का समर्थन करने वाले रह गये हैं, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय उनके पास 24 दलों का गठबंधन था। कांग्रेस के लिए उन्होने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले होने वाले चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ही पार्टी की अगुवाई करेंगे। हालांकि उन्होने यह नहीं बताया कि यूपीए का अगला पीएम कौन होगा?

पायलट का कहना है कि राहुल गांधी ही ऐसे शख्स हैं जो कि सभी धर्म, भाषा और जातियों को एक साथ लेकर चल सकते हैं और कांग्रेस ने कभी भी प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री के पद के प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। ऐसा करने की जल्दबाजी में सिर्फ नरेंद्र मोदी ही हैं। पायलट के अनुसार अगर मोदी गुजरात दंगों के लिए माफी मांगने के लिए तैयार नहीं हैं तो उन्हें इसके लिए मजबूर नहीं किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications