Fact Check: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा स्वाति मालीवाल-ध्रुव राठी का ऑडियो, जानिए क्या है इसकी सच्चाई
सोशल मीडिया के इस जमाने में सच और झूठ में फर्क करना काफी मुश्किल हो रहा है। तमाम तकनीक के जरिए तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर दिखाया जाता है। यहां तक कि लोगों की तस्वीर, आवाज और वीडियो के साथ भी छेड़छाड़ की जाती है।
ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो, पोस्ट की हम पड़ताल करते हैं और इसका सच सामने लाते हैं। इसी तरह के एक और वायरल वीडियो की आज हम पड़ताल करने जा रहे हैं। जिसमे स्वाति मालीवाल और ध्रुव राठी का कथित ऑडियो वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर इस ऑडियो को तेजी से शेयर किया जा रहा है और दावा किया जा रहा है कि यह ऑडियो ध्रुव राठी और स्वाति मालीवाल के बीच का है। दोनों के बीच यह बातचीत स्वाति के साथ सीएम केजरीवाल के आवास पर हुई मारपीट के बाद का बताया जा रहा है।
स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया है कि सीएम केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार ने उनके साथ मारपीट की है। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया और बिभव को गिरफ्तार कर लिया है।
13 मई को स्वाति मालीवाल ने दावा किया कि उनके साथ अरविंद केजरीवाल के घर पर बिभव कुमार ने मारपीट की थी। फेसबुक पर एक यूजर ने 25 मई को वीडियो शेयर किया है, जिसमे आप नेता स्वाति मालीवाल और यूट्यूबर ध्रुव राठी के बीच बातचीत का ऑडियो है।
जिसमे सुना जा सकता है कि स्वाति कहती हैं कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता के कहने पर उनके साथ मारपीट हुई है। लेकिन पड़ताल में यह पता चला है कि वायरल वीडियो में कई तरह की गड़बड़ी है।
कई शब्दों को बार-बार दोहराया जा रहा है। जब गूगल पर इसकी पड़ताल की गई तो पता चला कि इसी तरह के कई वीडियो और पोस्ट को और लोगों ने भी शेयर किया है।
पड़ताल में यह पाया गया कि यह पोस्ट पूरी तरह से फर्जी है, इसे एआई के द्वारा जेनेरेट किया गया है। इस ऑडियो को एआई की द्वारा जेनेरेट करके लोगों के बीच शेयर किया गया है और इसमे किए गए सभी दावे गलत हैं। लिहाजा हम आपसे अपील करते हैं इस पोस्ट को साझा नहीं करें और इसे रिपोर्ट करें।

Fact Check
दावा
ध्रुव राठी ने स्वाति मालीवाल से उनके साथ हुई मारपीट के बात बात की।
नतीजा
यह आडियो फेक है, इसे एआई द्वारा जेनेरेट किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications