Fact Check: सेंधा नमक और प्याज से नहीं ठीक होगा कोरोना, ये नुस्खा है अवैज्ञानिक
नई दिल्ली, 7 जनवरी: कोरोना महामारी की तीसरी लहर का खतरा लगातार बरकरार है, जहां देश में अब रोजाना के मरीजों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है। इसके अलावा ओमिक्रॉन वेरिएंट के मरीज भी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। हालत को देखते हुए सभी राज्यों में पाबंदियां तो लागू की गई हैं, लेकिन बहुत से अराजक तत्व सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैला रहे हैं। अब कोरोना के इलाज को लेकर एक अवैज्ञानिक दावा किया जा रहा, जिसे लोग तेजी से शेयर भी कर रहे हैं।

वायरल हो रही पोस्ट में दावा किया गया कि सेंधा नमक के साथ कच्ची प्याज छीलकर खाने से 15 मिनट बाद पॉजिटिव लोग निगेटिव हो रहे हैं। ये एकदम सत्य है। आप खुद करके देखें...कोरोना हो या ना हो कच्ची प्याज सेंधा नमक लगाकर रोज खाते रहें। वायरस गले में मर जाएगा....आपको लाभ हो तो सबको शेयर करें। इसके बाद ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई।
इस दावे को भारत सरकार के प्रेस इनफार्मेशन ब्यूरो ने गलत बताया है। पीआईबी फैक्ट चेक ने ट्विटर पर लिखा कि सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे एक पोस्ट में दावा किया गया है कि कच्चे प्याज के साथ सेंधा नमक के सेवन से कोरोना वायरस का इलाज किया जा सकता है। ये दावा फर्जी है। इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि कच्चे प्याज और सेंधा नमक के सेवन से कोरोना का इलाज संभव है।
पॉजिटिव होने पर उठाएं ये कदम
अगर आपके अंदर कोरोना के लक्षण दिख रहे, तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर तुरंत आरटी-पीसीआर टेस्ट करवाएं। रिपोर्ट आने तक सभी से दूरी बनाए रखें। अगर आपकी रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो तुरंत जिला स्तरीय कोरोना कंट्रोल सेंटर को सूचित करें, वहां से आपको तुरंत डॉक्टरी सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

Fact Check
दावा
प्याज और सेंधा नमक से ठीक होगा कोरोना।
नतीजा
ये नुस्खा पूरी तरह से अवैज्ञानिक।












Click it and Unblock the Notifications