Fact Check: किसान आंदोलन में ट्रैक्टर लेकर पहुंच रहीं महिलाएं? जानें वायरल फोटो की सच्चाई
नई दिल्ली: मोदी सरकार ने इस बार के मानसून सत्र में तीन कृषि बिल पास करवाए। जिसको लेकर हरियाणा और पंजाब के किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। पिछले एक हफ्ते से किसानों का 'दिल्ली चलो' आंदोलन जारी है। जिस वजह से कई बार किसानों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प भी हुई। वहीं कुछ असामाजिक तत्व किसान आंदोलन से जुड़ी भ्रामक खबरें फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

किसान आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल हो रही है। जिसमें दावा किया गया कि पंजाब-हरियाणा के किसानों को अब महिलाओं का भी साथ मिल गया है। साथ ही उन्होंने भी ट्रैक्टर लेकर दिल्ली कूच कर दिया है। इस बीच एक फोटो भी वायरल हुई। जिसमें कुछ महिलाएं ट्रैक्टर चलाते हुए दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने इस फोटो को पोस्ट करते हुए लिखा कि हरियाणा से महिलाओं का काफिला, जो खुद ट्रैक्टर चलाकर टिकरी बॉर्डर जा रही हैं। लोग भी इस पोस्ट की सच्चाई जाने बिना इसको तेजी से शेयर कर रहे हैं।
वन इंडिया की टीम ने जब इस खबर की जांच की तो हकीकत कुछ और ही निकली। ये तस्वीर किसान आंदोलन की नहीं है, बल्कि ये 2017 में खीचीं गई थी। उस दौरान हरियाणा में जाट आंदोलन चल रहा था। 6 फरवरी 2017 को जाट महिला प्रदर्शनकारी रोहतक के जसिया गांव ट्रैक्टर से जा रही थीं। ये खबर तब कई समाचार पत्रों ने प्रकाशित हुई थी। इसी फोटो को किसान आंदोलन का बताकर वायरल किया जा रहा है। ऐसे में वायरल हो रही पोस्ट पूरी तरह से झूठी है।

Fact Check
दावा
ट्रैक्टर लेकर किसान आंदोलन में पहुंचीं महिलाएं
नतीजा
दावा गलत है, वायरल तस्वीर 2017 के जाट आंदोलन की है।












Click it and Unblock the Notifications