Fact Check: क्या भारत सरकार ने पासपोर्ट से हटा दिया राष्ट्रीयता का कॉलम?
नई दिल्ली, 29 जून: पासपोर्ट एक अहम दस्तावेज है, जिसको बनवाने के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। अपराधी फर्जी पासपोर्ट ना बनवा सकें, इसके लिए सरकार नियमों को और मजबूत कर रही है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर पासपोर्ट को लेकर एक अजीबो-गरीब दावा किया जा रहा। बहुत से लोग बिना सच्चाई जाने इसको फॉरवर्ड भी कर रहे हैं। हालांकि अब भारत सरकार ने इसको लेकर पूरी सच्चाई बताई है।

व्हाट्सएप पर वायरल हो रहे एक मैसेज में लिखा है कि लीगल अपडेट, मोदी सरकार ने पासपोर्ट से 'राष्ट्रीयता-भारतीय' का कॉलम निकलवा दिया है, इसलिए अपने पुराने पासपोर्ट को नष्ट ना करें और उसे संभाल के रखें। मैसेज के अंत में लिखा है कि ये मैसेज दूसरों तक जरूर पहुंचाएं। इसको बड़ी संख्या में लोग अपने परिचितों को फॉरवर्ड कर रहे हैं।
इस पर भारत सरकार के प्रेस इनफॉरमेशन ब्यूरो ने सफाई दी है। पीआईबी फैक्ट चेक ने ट्वीट कर लिखा कि एक व्हाट्सएप मैसेज में दावा किया जा रहा है कि भारत सरकार ने भारतीय पासपोर्ट से राष्ट्रीयता का कॉलम हटा दिया है। ये दावा फर्जी है। भारत सरकार ने पासपोर्ट से संबंधित ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है।
ऑनलाइन हैं सारी सुविधाएं
विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट से जुड़ी सारी सुविधाएं ऑनलाइन कर रखी हैं। ऐसे में अगर आपको कोई भी जानकारी चाहिए तो पासपोर्ट सेवा की वेबसाइट पर जाकर हर डिटेल देख सकते हैं। वहां पर आपको पूरी जानकारी निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।

Fact Check
दावा
पासपोर्ट से हटाया गया राष्ट्रीयता का कॉलम
नतीजा
ऐसा कोई भी फैसला सरकार ने नहीं लिया है।












Click it and Unblock the Notifications