Fact Check: क्या तालिबान ने दी है 24 घंटे के अंदर भारत में पाकिस्तानी झंडा फहराने की धमकी?
नई दिल्ली, 28 अगस्त: तालिबान ने पूरे अफगानिस्तान पर कब्जा जमा लिया है। वैसे भारत की सीमा अफगान सीमा से बहुत दूर है, लेकिन तालिबान और पाकिस्तान की मिलीभगत की वजह से मोदी सरकार की चिंता बढ़ गई है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ आतंकी भारत को धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। बहुत से लोगों ने इस पर चिंता जताते हुए उसे शेयर किया है। साथ ही तालिबानी सरकार को मान्यता नहीं देने की अपील की है।

55 सेकेंड के वीडियो में एक आतंकी कहता है कि सुबह की नमाज का वक्त होने से पहले ही हम नई दिल्ली में पाकिस्तानी झंडा फहराएंगे। मोदी सरकार ध्यान दे, हमारी बंदूकें सिर्फ दिखावे के लिए नहीं हैं। वे आप जैसे उत्पीड़कों को दंडित करने के लिए हैं। पाकिस्तानी-कनाडाई लेखक तारेक फतेह ने भी इस वीडियो को शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि पाकिस्तानी तालिबान भारत के लिए खतरा है, वो कह रहे हैं कि 24 घंटे के अंदर पाकिस्तान का झंडा फहराएंगे। 26 अगस्त को पोस्ट हुए इस वीडियो पर लाखों व्यूज आ चुके हैं।
वहीं जब वनइंडिया की टीम ने इस वीडियो की पड़ताल की तो पता चला वो अभी का नहीं है। करीब दो-तीन साल पहले इसको जारी किया गया था, ऐसे में इसका अफगानिस्तान में हाल ही में हुए घटनाक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं 2019 में इसे यूट्यूब पर पोस्ट किया गया था। जिसमें लिखा है कि पख्तून नेता सैयद कबीर अफरीदी की भारत को आखिरी चेतावनी। इसके अलावा फेसबुक पर भी सैयद कबीर अफरीदी नाम से बने पेज पर इसे पोस्ट किया गया था। बताया जा रहा है कि अफरीदी जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम पार्टी का महासचिव है, हालांकि इसकी ठीक से पुष्टि नहीं हो पाई है।
क्या है भारत के प्रति तालिबान का रुख?
अभी तक भारत सरकार ने तालिबान को लेकर अपना रुख साफ नहीं किया है। फिलहाल काबूल से भारतीय नागरिकों को निकाला जा रहा है। तालिबान ने भी भारत को कोई धमकी नहीं दी है। हालांकि उसकी ओर से काबूल में दूतावास खोलने का आग्रह जरूर किया गया था।

Fact Check
दावा
तालिबान ने दी है भारत को धमकी
नतीजा
वीडियो दो साल पुराना है












Click it and Unblock the Notifications