Fact Check: टूटी नहीं थी रस्सी, बल्कि इस वजह से गांव में उतरा था हॉट एयर बैलून
Fact Check: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से मंगलवार को उड़ान भरने के बाद एक हॉट एयर बैलून की शिवपुरी जिले के छर्च थाना क्षेत्र के पारासरी गांव स्थित जंगल में लैंडिंग हुई थी। इस दौरान एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में बताया गया था की रस्सी टूटने के चलते बैलून की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी।
हालांकि इस मामले में अधिकारियों ने बैलून की रस्सी टूटने और इमरजेंसी लैंडिंग की बात को सिरे से खारिज किया है। अधिकारियों का कहना है कि बैलून की रस्सी नहीं टूटी हुई थी बल्कि लाइसेंस प्राप्त प्रोफेशनल पायलट द्वारा सुरक्षित तरीके से हॉट एयर बैलून को उतारा गया था।

दरअसल, मंगलवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में बताया जा रहा था कि कूनो नेशनल पार्क से उड़ान भरने के बाद एक हॉट एयर बैलून की रस्सी टूट गई जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया। यह भी दावा किया गया था कि इस दौरान उसमें सवार पर्यटक काफी डर गए थे।
हालांकि इस बारे में हॉट एयर बैलून संचालित करने वाली कंपनी के मैनेजर संजू सक्सेना द्वारा बताया गया कि हॉट एयर बैलून गतिविधि बेहद सुरक्षित तरीके से संचालित की जाती है। इसके लिए प्रोफेशनल लाइसेंस प्राप्त पायलट होते हैं, मौसम और हवा का भी विशेष ध्यान रखा जाता है एवं शासन स्तर के सभी मानकों को ध्यान में रखकर ही यह गतिविधि संचालित की जाती है।
वायरल वीडियो के संबंध में उन्होने कहा कि वायरल हो रहे वीडियो में ऐसा कुछ नहीं दिख रहा है, जिससे पर्यटक या अन्य किसी को कोई हानि हो रही हो। इसे गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है की हॉट एयर बैलून सुरक्षित तरीके से जमीन पर लैंड हुआ है।

Fact Check
दावा
कूनो में रस्सी टूटने से हाॅट एयर बैलून के इमरजेंसी लैंडिंग का दावा किया गया था।
नतीजा
जांच करने और अधिकारियों से बात करने पर मामला गलत निकला।












Click it and Unblock the Notifications