Fact Check: बीजेपी बांट रही लोगों को दारू और मुर्गा? जानिए Viral Video की सच्चाई
BJP Video Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने वोटर्स को लुभाने के लिए मुर्गियां और शराब बांटी है। वीडियो में बकायद स्टेज लगाकर लोगों के हाथ में एक के बाद एक करके शराब की बोतल और मुर्गा पकड़ाते हुए दिखाया गया है। वायरल वीडियो में लोगों की लंबी लाइन लगी हुई है, जो अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। पब्लिक प्लेस में मुर्गियां और शराब जैसी दिखने वाली बोतलें साफ दिखाई दे रही है। ऐसे में क्या है इस वीडियो की सच्चाई जानिए...

पार्टी ने बांटी चिकन और शराब
फेसबुक पर कई पेज पर इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया गया है कि बीजेपी के नेताओं ने खुलेआम मतदाताओं को मुर्गियां और शराब बांटी है। पंजाबी में शेयर किए गए कई वीडियो में कैप्शन ने लिखा है कि "सिर्फ बीजेपी ही ऐसा कर सकती है।" हालांकि जब इस वीडियो की पड़ताल की गई तो मामला कुछ और ही निकला।

तेलंगाना के वारंगल की घटना
दरअसल, फैक्ट चेक में पाया गया कि यह वीडियो बीजेपी नेताओं को नहीं बल्कि तेलंगाना की पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति के नेताओं का है। 4 अक्टूबर को तेलंगाना के वारंगल में यह सब हुआ। इस घटना के बाद टीआरएस को बीजेपी के विरोध का सामना करना पड़ा था।

टीआरएस नेता ने बांटी शराब और मुर्गियां
जिसका वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने भी साझा किया था। अपनी रिपोर्ट में न्यूज एजेंसी ने बताया कि टीआरएस नेता राजनाला श्रीहरि ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीर द्वारा वारंगल में एक राष्ट्रीय पार्टी शुरू करने से पहले स्थानीय लोगों को शराब की बोतलें और चिकन वितरित किया।

बीजेपी ने साधा टीआरएस पर निशाना
इस वीडियो को लेकर बीजेपी ने भी टीआरएस पर जमकर निशाना साधा था। आंध्र प्रदेश बीजेपी के प्रदेश महासचिव विष्णु वर्धन रेड्डी ने केटी रामाराव को टैग करते हुए इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया था, जिसमें उन्होंने लिखा, 'तो अब टीआरएस नेता केसीआर गारु को पीएम बनाने के लिए शराब और चिकन बांट रहे हैं,' रामाराव से यह भी पूछा था कि क्या यह उनका आइडिया था। ऐसे में साफ हो गया है कि वायरल वीडियो में बीजेपी के लोग शराब और मुर्गियां नहीं बांट रहे हैं।

Fact Check
दावा
दावा किया जा रहा है कि बीजेपी ने लोगों को शराब और चिकन बांटा है।
नतीजा
दावा पूरी तरह से गलत है। तेलंगाना के सीएम केसी राव द्वारा राष्ट्रीय पार्टी शुरू करने से पहले टीआरएस नेता ने स्थानीय लोगों को शराब की बोतलें और चिकन बांटे।












Click it and Unblock the Notifications