Fact Check: क्या कमला हैरिस भारतीय हैं या अश्वेत? ट्रंप के इस दावे पर कितनी सच्चाई? यहां जानें
Kamala Harris is Indian or Black Debate: अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने हैं। इस बीच, रिपब्लिक पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस की भारतीय और अश्वेत (ब्लैक अमेरिकन या एफ्रो-अमेरिकन) पहचान को लेकर तीखी बहस छेड दी है। ट्रंप ने हैरिस की नस्लीय पहचान को लेकर सवाल उठाए हैं।
दरअसल, अमेरिका की राजनीति में रंगभेद श्वेत और अश्वेत एक बड़ा मुद्दा होता है। अश्वेत बड़ी संख्या में मतदाता हैं। ट्रंप ने कहा कि अभी तक कमला हैरिस अपनी भारतीय विरासत पर जोर देती थीं। लेकिन, अब वह अचानक से एक अश्वेत बन गई हैं। क्या है ट्रंप के दावों में सच्चाई यहां जानें...

ट्रंप ने क्या कहा ?
31 जुलाई को, शिकागो नेशनल एसोसिएशन ऑफ ब्लैक जर्नलिस्ट्स सम्मेलन में ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह कैपिटल हिल के रिपब्लिकन से सहमत हैं? जो हैरिस को "DEI हायर" कहते हैं। जवाब में, ट्रंप ने हैरिस की विरासत पर सवाल उठाया। कहा कि वह हमेशा से भारतीय मूल की थीं और वह केवल भारतीय मूल को बढ़ावा दे रही थीं। मुझे नहीं पता था कि वह कई साल पहले तक अश्वेत थीं, लेकिन फिर वह अश्वेत बन गईं और अब वह अश्वेत के रूप में जानी जाना चाहती हैं। इसलिए, मुझे नहीं पता कि वह भारतीय हैं या अश्वेत?
उन्होंने कहा कि मैं दोनों में से किसी का भी सम्मान करता हूं, लेकिन वह स्पष्ट रूप से नहीं करती हैं, क्योंकि वह शुरू से ही भारतीय थीं, और फिर अचानक उन्होंने नया मोड़ लिया और वह एक अश्वेत व्यक्ति बन गईं।
कमला हैरिस ने दिया ये जवाब
बाद में हैरिस ने ह्यूस्टन में सिग्मा गामा रो सोरोरिटी की एक सभा में बात की, जहां उन्होंने ट्रंप की टिप्पणियों को "वही पुराना नाटक, विभाजनकारी और अनादर" बताया। उन्होंने कहा कि मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि अमेरिकी लोग इससे बेहतर के हकदार हैं।
डोनाल्ड ट्रम्प के दावे की तथ्य-जांच
हैरिस ने लंबे समय से खुद को अश्वेत और भारतीय दोनों के रूप में पहचाना है, ताकि वह अपने माता-पिता की विरासत को अपनी पहचान का हिस्सा मान सकें। वास्तव में, उनके सीनेट बायो में कहा गया है कि वह इतिहास में दूसरी अफ्रीकी-अमेरिकी महिला और पहली दक्षिण एशियाई-अमेरिकी सीनेटर हैं।
2019 में आई अपनी आत्मकथा 'द ट्रुथ्स वी होल्ड' में हैरिस ने अपनी मिश्रित नस्ल की पहचान और परवरिश के बारे में खुलकर बताया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें और उनकी छोटी बहन माया को भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी जागरूकता और प्रशंसा के साथ पाला गया। उन्होंने कहा कि उनकी मां भी बहुत अच्छी तरह समझती थीं कि वह दो अश्वेत बेटियों की परवरिश कर रही हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ थीं कि (वे) आत्मविश्वासी, गर्वित अश्वेत महिलाएं बनें।
ट्रंप की टिप्पणियों के मद्देनजर, रॉयटर्स फैक्ट चेक टीम ने बताया कि हैरिस ने हमेशा अपनी नस्लीय पहचान को अश्वेत, दक्षिण एशियाई, भारतीय-अमेरिकी, अफ्रीकी-अमेरिकी और जमैका-अमेरिकी बताया है, जो उनके माता-पिता की पहचान से उपजी हैं।
भारतीय मूल की थीं हैरिस की मां, पिता जमैकावासी अफ्रीकी मूल के
आपको बता दें कि कमला हैरिस की मां, श्यामला गोपालन, भारतीय मूल की थीं। वह चेन्नई (तमिलनाडु), भारत से थीं और एक प्रसिद्ध बायोमेडिकल वैज्ञानिक थीं। कमला हैरिस के पिता डोनाल्ड हैरिस, जमैका से थे और एक अर्थशास्त्री थे। डोनाल्ड 1964 में जमैका से अमेरिका चले गए थे। जमैका की अधिकांश आबादी उन लोगों से बनी है, जो गुलाम बनाए गए अफ्रीकियों के वंशज हैं, जिन्हें 18वीं शताब्दी के दौरान अंग्रेजों द्वारा द्वीप के चीनी बागानों में काम करने के लिए लाया गया था। 2012 तक 90% जमैकावासी अफ्रीकी मूल के थे। श्यामला भारतीय-अमेरिकी थीं। 2009 में उनकी मृत्यु हो गई।

Fact Check
दावा
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा सच नहीं है।
नतीजा
हैरिस ने कभी भी भारतीय-अमेरिकी से अश्वेत के रूप में पहचान नहीं बदली।












Click it and Unblock the Notifications