Fact Check: पत्नी के हत्यारे का कबूलनामा 'लव-जिहाद' के झूठे एंगल से ट्रोल
बिहार के समस्तीपुर जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। दावा किया गया कि हिंदू समुदाय से होने के चलते मुस्लिम समुदाय के पति ने उसकी हत्या की है। लेकिन, हकीकत कुछ और ही निकली।

सोशल मीडिया पर इन दिनों कथित 'लव जिहाद' का मसला एक बार फिर गरमा गया है। दरअसल, बिहार के समस्तीपुर जिले का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक अपनी पत्नी की हत्या का जुर्म कबूल रहा है। दावा किया जा रहा था कि मुस्लिम युवक ने पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि वो हिंदू समुदाय से ताल्लुख रखती थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर मामले को 'लव-जिहाद ' के एंगल से जोड़कर देखा जाने लगा।
ऐसे में फैक्ट चेक में दावे बेबुनियाद साबित हुए। बिहार पुलिस ने सांप्रदायिक एंगल को खारिज कर दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि कथित आरोपी और पीड़ित दोनों मुस्लिम समुदाय से हैं। इसे सांप्रदायिक रंग देकर भड़काऊ दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बंगरा थाना क्षेत्र के मानपुरा पंचायत अंतर्गत सादीपुर गांव निवासी महबूब आलम का 9 साल पहले निकाह दरभंगा जिला के हायाघाट निवासी अब्दुल गफ्फार की बेटी यासमीन खातून से हुआ था। बताया जा रहा है कि यासमीन गर्भवती हुई तो महबूब दहेज की मांग करने लगा। अक्सर मारपीट करने लगा। इसी बीच 14 अप्रैल को यासमीन की गला दबाकर महबूब ने हत्या कर दी।
क्या कहती है पुलिस ?
समस्तीपुर जिले के बंगरा थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि पति-पत्नी दोनों मुस्लिम समुदाय के हैं। 'लव जिहाद' के दावे झूठे हैं। आरोपी न्यायिक हिरासत में है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
'पत्नी को मारडाला'
वहीं, आरोपी महबूब का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वो साफ कहता नजर आ रहा है कि पत्नी की हत्या कर दी है। जो भी बीच में आएगा उसे भी मार डालेंगे। पीटेंगे भी और मौत के घाट उतार देंगे।

Fact Check
दावा
बिहार में लव जिहाद में महिला की हत्या
नतीजा
वायरल दावा गलत है












Click it and Unblock the Notifications