Fact Check: क्या अतीक अहमद के वोट से बची थी मनमोहन सरकार?
अतीक अहमद की हत्या के बाद कई मीडिया हाउस ने यह रिपोर्ट किया कि अतीक ने 2008 में मनमोहन सिंह सरकार को बचाने का काम किया था। लेकिन क्या है इसके पीछे की सच्चाई।

Atiq Ahmed: अतीक अहमद की हत्या के बाद उससे जुड़ी कई कहानियां एक-एक करके सामने आ रहे हैं। किस तरह से अतीक अहमद ने अपराध से राजनीति की दुनिया में कदम रखा और कैसे उसका कद इतना बड़ा हो गया।
अतीक अहमद को लेकर एक बड़ा दावा यह किया जा रहा था कि 2008 में जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी तो विश्वासमत के दौरान अतीक अहमद ने यूपी की सरकार को बचाने का काम किया था। लेखक राजेश सिंह की किताब, Baahubalis of Indian Politics: From Bullet to Ballot में यह दावा किया गया है।
तमाम मीडिया हाउस ने किया रिपोर्ट
अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद इस किताब के अंश का जिक्र करते हुए इसे तमाम मीडिया हाउस ने रिपोर्ट किया था। गौर करने वाली बात है कि अतीक और अशरफ की प्रयागराज में पुलिस कस्टडी में तीन शूटर्स ने मीडिया के सामने गोली मार दी थी। इन तीनों शूटर्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पार्टी के खिलाफ वोट किया था अतीक ने
हालांकि किताब में यह दावा जरूर किया गया है कि अतीक अहमद ने यूपीए सरकार को बचाने का काम किया है। लेकिन लोकसभा के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उस वक्त अतीक अहमद फूलपुर से सपा के टिकट पर सांसद था, उसने पार्टी के व्हिप के खिलाफ जाकर विश्वास मत के खिलाफ वोट किया था।
इन सांसदों को किया गया था निष्कासित
जिसकी वजह से अतीक अहमद को पांच अन्य सांसदों के साथ पार्टी के खिलाफ गतिविधि के चलते निष्कासित कर दिया गया था। अतीक के अलावा अफजल अंसारी, राजनारायण बुधोलिया, जय प्रकाश, एसपी सिंह बघेल और मुनव्वर हसन को निष्कासित किया गया था।
क्या हुआ था संसद में
ऐसे में किताब में जो दावा किया गया है वह गलत है कि अतीक अहमद ने यूपीए की सरकार बचाई थी। लोकसभा के रिकॉर्ड के अनुसार अतीक अहमद ने यूपीए सरकार के खिलाफ वोट किया था। कुल 255 सांसदों ने यूपीए सरकार के खिलाफ वोट किया था। हालांकि यूपीए विश्वास प्रस्ताव को 19 वोट से जीत गई थी और उसे 275 वोट मिले थे, जबकि विपक्ष को 256 वोट। वहीं 10 सदस्यों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया था।

Fact Check
दावा
अतीक अहमद ने 2008 में मनमोहन सिंह सरकार को बचाया था।
नतीजा
लोकसभा रिकॉर्ड के अनुसार ऐसा नहीं हुआ था, अतीक ने यूपीए सरकार के खिलाफ वोट किया था।












Click it and Unblock the Notifications