Fact Check: भारत में Import होगा दूध, घी और मक्खन? सरकार ने बताई सच्चाई
Dairy Products Import: ऐसी खबर आ रही थी कि सरकार डेयरी उत्पादों का आयात शुरू कर सकती है, जिसके बाद देश के पशुपालकों और डेयरी उद्योग से जुड़े लोगों को चिंता सताने लगी। ऐसे में उनके लिए राहत भरी खबर है।

Fact Check News: हाल ही में कुछ दिनों पहले खबर मिली थी कि देश में बढ़ी दूध की मांग के बाद उत्पादन स्थिर रहने से आपूर्ति संबंधी कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिसको देखते हुए सरकार मक्खन और घी जैसे डेयरी उत्पादों का आयात कर सकती है। अब इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया सामने आई है।
दरअसल, भारत 12 साल बाद फिर से डेयरी उत्पादों का आयात करने की खबर के बाद पशुपालकों और डेयरी उद्योग से जुड़े लोगों में बड़ी चिंता फैल गई थी।
भारत ने आखिरी बार साल 2011 में इन उत्पादों का आयात किया था। अब पशुपालन एवं डेयरी सचिव राजेश कुमार सिंह ने ऐसी खबरों को भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है।
अपने बयान में सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि भारत द्वारा कुछ डेयरी उत्पादों के आयात की संभावनाओं के बारे में कुछ भ्रामक खबरें आई हैं, जिससे डेयरी किसानों और हितधारकों में भ्रम और आशंका पैदा हुई है। मैं विभाग की तरफ से स्पष्ट करता हूं कि डेयरी उत्पाद के आयात पर भारत सरकार ने कुछ निर्णय नहीं लिया है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कोई भी निर्णय डेयरी किसानों के हितों को ऊपर रखकर लिए जाते हैं। ऐसे में केंद्र के पशुपालन विभाग की ओर से जारी बयान के बाद उन खबरों पर विराम लग गया, जिसमें डेयरी उत्पादों के आयात करने का दावा किया गया था।

Fact Check
दावा
खबर थी कि भारत डेयरी उत्पाद आयात करेगा।
नतीजा
ऐसी खबरों को केंद्र के पशुपालन विभाग ने भ्रामक बताया है।












Click it and Unblock the Notifications